विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP Weather: दिन में तपिश, रात में गुलाबी ठंड; इंदौर में 13.4 डिग्री तक लुढ़का पारा

Published: Sat, 24 Oct 2026 05:10 PM (GMT+05:30)

मध्य प्रदेश में दिन में तेज धूप और गर्मी का असर है, जबकि रात में ठंडी हवाएं चल रही हैं, ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. मध्य प्रदेश में दिन गर्म, रातें ठंडी हो रही हैं।

  2. इंदौर में रात का तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज।

  3. आने वाले दिनों में रात के पारे में और गिरावट संभव।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। दिन में तेज धूप और बढ़ती गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है, जबकि सूरज ढलते ही ठंडी हवाएं राहत देने लगी हैं। दिन और रात के तापमान में अंतर लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात का पारा 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने से ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।

शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा। दिन के समय कई शहरों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, वहीं रात में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम के इस बदलते मिजाज के चलते लोगों को सुबह और रात में हल्की ठंड, जबकि दोपहर में गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

रतलाम सबसे गर्म 

प्रदेश में शुक्रवार को सबसे अधिक गर्मी रतलाम में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा। छतरपुर जिले के खजुराहो में पारा 34.3 डिग्री और खंडवा में 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उज्जैन, रायसेन और राजगढ़ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा।

राजधानी भोपाल में भी दिन के समय तेज धूप का असर देखने को मिला। यहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

इंदौर में रात का पारा 5.2 डिग्री गिरा

दिन में गर्मी के उलट रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। शुक्रवार रात इंदौर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 5.2 डिग्री कम और सामान्य से 3.2 डिग्री नीचे रहा।

इसके अलावा पचमढ़ी और दमोह में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बैतूल में यह 14.5 डिग्री, छिंदवाड़ा में 14.6 डिग्री, उमरिया में 15.1 डिग्री और सागर में 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा। रीवा और मलाजखंड में रात का पारा 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें- MP Weather: पचमढ़ी में दिन तो दमोह में रात सबसे ठंडी, बैतूल-हरदा समेत 8 जिलों में बूंदाबांदी के आसार

हवा का रुख बदलेगा, रात में और बढ़ेगी ठंड

मौसम विज्ञानी एसएन साहू के मुताबिक, आने वाले दिनों में हवा का रुख बदलने से न्यूनतम तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान नीचे जा सकते हैं। रात के पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

ऐसे में प्रदेश में दिन की गर्मी के बीच रात और सुबह के समय ठंड का असर बढ़ सकता है। लोगों को फिलहाल मौसम के बदलते मिजाज के साथ दिन और रात के तापमान में होने वाले अंतर को ध्यान में रखना होगा।