विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP Weather: पचमढ़ी में दिन तो दमोह में रात सबसे ठंडी, बैतूल-हरदा समेत 8 जिलों में बूंदाबांदी के आसार

Published: Fri, 23 Oct 2026 03:55 PM (IST)

मध्य प्रदेश में गुलाबी ठंड का असर बढ़ रहा है, जहां रातें ठंडी हो रही हैं और दिन में धूप ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. प्रदेश में गुलाबी ठंड का असर, रातें हो रही ठंडी।

  2. दमोह रात में सबसे ठंडा, पचमढ़ी में दिन का पारा कम।

  3. आठ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश संभव।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में गुलाबी ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। दिन में तेज धूप और गर्मी परेशान कर रही है, तो वहीं रात के तापमान में गिरावट से ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम के इस बदले मिजाज के बीच गुरुवार को धार और इंदौर में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिन प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। हालांकि, रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

शुक्रवार को बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, आलीराजपुर और धार जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की फुहारें पड़ सकती हैं। ऐसे में प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है।

दमोह सबसे ठंडा, पचमढ़ी में दिन का पारा सबसे कम

मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को दमोह प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां रात का न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले 2.5 डिग्री कम और सामान्य से 1.7 डिग्री नीचे रहा।

रीवा और उमरिया में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री, जबकि जबलपुर में 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से संकेत मिल रहे हैं कि प्रदेश के कई हिस्सों में रात की ठंडक धीरे-धीरे बढ़ रही है।

दिन के तापमान की बात करें तो नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, छतरपुर जिले के खजुराहो में दिन सबसे गर्म रहा, जहां पारा 34.2 डिग्री तक पहुंच गया। गुना और रतलाम में भी अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भोपाल में तेज धूप, उमस से लोग परेशान

राजधानी भोपाल में गुरुवार को दिनभर तेज धूप निकली। तापमान में ठंडक का खास असर नहीं दिखा और गर्मी के साथ उमस ने लोगों को परेशान किया। दूसरी ओर, प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह के समय नमी अधिक रहने से हल्की धुंध और ठंडक महसूस हुई।

उमरिया में सुबह के समय आर्द्रता 90 प्रतिशत तक पहुंच गई, जबकि बालाघाट जिले के मलांजखंड में यह 87 प्रतिशत दर्ज की गई। अधिक नमी के कारण सुबह के मौसम में हल्की धुंध देखने को मिली।

यह भी पढ़ें- MP Weather: मध्य प्रदेश में फिर बदला मौसम, 17 जिलों में बारिश के आसार; सीहोर में 59 किमी की रफ्तार से चली हवा

अगले पांच दिन कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विज्ञानी प्रमेंद्र कुमार के मुताबिक, आगामी पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं हैं, लेकिन न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।

इसका असर खासकर रात और सुबह के मौसम में दिखाई देगा। दिन में धूप और गर्मी का प्रभाव बना रह सकता है, जबकि रातें अपेक्षाकृत ठंडी होने लगेंगी।