विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP Weather: लौटते मानसून ने दिखाया असर, नरसिंहपुर में 4 इंच वर्षा; बालाघाट-अनूपपुर समेत इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Published: Sun, 20 Sep 2026 03:54 PM (IST)

मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बावजूद कई जिलों में बारिश जारी है, नरसिंहपुर में सर्वाधिक 103 मिमी वर्षा ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बावजूद बारिश जारी।

  2. नरसिंहपुर में 103 मिमी (4 इंच) सर्वाधिक वर्षा दर्ज।

  3. अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून रवानगी की ओर है, लेकिन इसके बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला भी जारी है। बीते 24 घंटों में शहडोल और सागर संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर, जबकि भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, रीवा और जबलपुर संभाग में कुछ स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई। इंदौर, उज्जैन और चंबल संभाग में भी कहीं-कहीं बारिश हुई।

सबसे अधिक 103 मिमी यानी करीब चार इंच बारिश नरसिंहपुर में दर्ज की गई। इसके अलावा चंदेरी में 95, सिरोंज में 70, सागर में 31.6, उमरिया में 19.8, नौगांव में 14, ओरछा में 13, भिंड में 12 और छतरपुर में 9 मिमी वर्षा हुई।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर अंडमान सागर और उससे लगे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 21 सितंबर को डिप्रेशन और 22 सितंबर को डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके बाद यह 23 सितंबर की सुबह तक उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट के आसपास पहुंच सकता है।

इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में अगले 24 घंटे बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है।

इन जिलों में झमाझम के आसार

मौसम विभाग ने अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। वहीं शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, पांढुर्णा और टीकमगढ़ समेत कई जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, शिवपुरी, भिंड, मुरैना, रीवा, सतना, सिंगरौली, नीमच, मंदसौर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं बारिश के आसार हैं।

चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

अगले 24 घंटे के दौरान अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है।

यह भी पढ़ें- MP में वर्षा का दौर जारी, लटेरी में 4 इंच से ज्यादा पानी गिरा; आज मंडला-बालाघाट समेत इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मानसून की विदाई भी शुरू

दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा फिलहाल राजस्थान के कुछ हिस्सों से गुजर रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों में राजस्थान के कुछ और हिस्सों के साथ पंजाब तथा सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ क्षेत्रों से भी मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। हालांकि मध्य प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।