विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP में वर्षा का दौर जारी, लटेरी में 4 इंच से ज्यादा पानी गिरा; आज मंडला-बालाघाट समेत इन जिलों में बारिश का अलर्ट

Published: Sat, 19 Sep 2026 03:10 PM (IST)

मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के संकेतों के बावजूद बारिश का दौर जारी है, जिसमें लटेरी में 4 इंच ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र

-प्रतीकात्मक चित्र

HighLights

  1. विदिशा के लटेरी में 4 इंच से अधिक भारी वर्षा दर्ज।

  2. अगले 24 घंटों में कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं संभव।

  3. बंगाल की खाड़ी में नया मौसमी सिस्टम विकसित हो रहा है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई की आहट के बीच बारिश का दौर अभी जारी है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। विदिशा के लटेरी में सबसे ज्यादा 106.2 मिमी यानी चार इंच से अधिक पानी बरसा, जबकि गुना के कुंभराज में 97 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक भोपाल, नर्मदापुरम और उज्जैन संभाग के अधिकांश स्थानों पर बारिश हुई। ग्वालियर संभाग में अनेक स्थानों, जबकि इंदौर, रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग में कुछ स्थानों पर पानी गिरा। चंबल संभाग में भी कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई।

लटेरी में चार इंच से ज्यादा बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बीते 24 घंटों में विदिशा के लटेरी में 106.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा गुना के कुंभराज में 97 मिमी, आगर में 65, गुना में 50, नीमच में 39, मंदसौर में 38, अमरकंटक में 32, छिंदवाड़ा में 27, हरदा में 22.8, आलीराजपुर में 22.2, पचमढ़ी में 22 और उमरिया में 20.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

आज इन जिलों में ज्यादा बारिश के आसार

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में सीहोर, देवास, अशोकनगर, डिंडोरी, सिवनी, मंडला और बालाघाट में अनेक स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है।

वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, इंदौर, शाजापुर, गुना, शिवपुरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में भी कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ सकती हैं।

इसके अलावा बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, उज्जैन, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, कटनी, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर समेत कई जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

40 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

बारिश के साथ कई जिलों में मौसम खराब होने की चेतावनी भी जारी की गई है। गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। यह स्थिति भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा समेत पश्चिमी और मध्य मध्य प्रदेश के कई जिलों के साथ विंध्य, बुंदेलखंड, महाकौशल और ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के जिलों में भी बन सकती है।

यह भी पढ़ें- MP Weather: मानसून की विदाई से पूर्व फिर बदला मौसम, रतलाम-श्योपुर समेत 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; सबलगढ़ में 106 मिमी वर्षा

राजस्थान से मानसून की वापसी शुरू

मौसम विभाग के मुताबिक 19 सितंबर को दक्षिण-पश्चिम मानसून पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से वापस लौट गया है। राजस्थान में मानसून की सामान्य वापसी की तारीख 17 सितंबर मानी जाती है। अगले तीन-चार दिनों में राजस्थान के कुछ और हिस्सों के साथ पंजाब तथा सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ हिस्सों से भी मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

हालांकि बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम मौसम का रुख बदल सकता है। उत्तर अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से 19 सितंबर की शाम के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो 21 सितंबर तक डिप्रेशन और 22 सितंबर को डीप डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 23 सितंबर की सुबह दक्षिण ओडिशा-उत्तर आंध्र प्रदेश तट के आसपास पहुंच सकता है।

फिलहाल मौसम में खास बदलाव के आसार नहीं

मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में मौसम की स्थिति में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। मानसून की वापसी के साथ बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत हैं, लेकिन मौजूदा मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर बना रह सकता है।