विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP Weather: मानसून की विदाई से पूर्व फिर बदला मौसम, रतलाम-श्योपुर समेत 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; सबलगढ़ में 106 मिमी वर्षा

Published: Fri, 18 Sep 2026 03:16 PM (IST)

मध्य प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कमजोर होने के बावजूद बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने झाबुआ, रतलाम, ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. सबलगढ़ में सर्वाधिक 106 मिमी बारिश दर्ज की गई।

  2. झाबुआ, रतलाम, नीमच, श्योपुर में भारी बारिश का अलर्ट।

  3. कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के बावजूद बारिश का दौर पूरी तरह थमा नहीं है। गुरुवार को ग्वालियर और चंबल संभाग के अधिकांश जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि भोपाल, शहडोल और सागर संभाग में अनेक स्थानों पर पानी गिरा। उज्जैन, रीवा और जबलपुर संभाग में कुछ स्थानों तथा इंदौर और नर्मदापुरम संभाग में कहीं-कहीं वर्षा हुई।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक सबलगढ़ में सबसे अधिक 106 मिमी यानी चार इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा ओरछा में 67, विदिशा में 26, गुना में 19.8, आलीराजपुर में 18.2, शिवपुरी में 18, अमरकंटक में 16, मंडला में 14.4, मुरैना में 14, ग्वालियर में 13.1, टीकमगढ़ में 11, भोपाल में 10.6 और नीमच में 10 मिमी बारिश दर्ज हुई।

आज इन इलाकों में बारिश के आसार

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। राजगढ़, आलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, श्योपुर, अनूपपुर, डिंडोरी, सिवनी, मंडला और बालाघाट में अनेक स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं।

वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, धार, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

इन जिलों में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए झाबुआ, रतलाम, नीमच और श्योपुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में कहीं-कहीं 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

कई जिलों में आंधी-बिजली का अलर्ट

भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, आलीराजपुर, धार, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना सहित कई जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चलने का अलर्ट है।

राजस्थान से जल्द विदा लेगा मानसून

मौसम विभाग के सुबह के आकलन के अनुसार 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। मानसून ट्रफ भी फिलहाल व्यवस्थित स्थिति में नहीं है।

हालांकि बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बन रहे मौसमी सिस्टम के कारण मध्य प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अभी जारी रह सकती हैं। उत्तर थाईलैंड के ऊपर बना ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर अंडमान सागर की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से 19 सितंबर की शाम के आसपास उत्तर अंडमान सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद इसके धीरे-धीरे मजबूत होकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ने के आसार हैं।

यह भी पढ़ें- MP Weather: सौराष्ट्र के सिस्टम का असर, रीवा-शहडोल समेत 7 जिलों में बारिश के आसार; 30-40 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

अगले पांच दिन मौसम में बड़ा बदलाव नहीं

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई है। ऐसे में मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का दौर बना रह सकता है।