MP Weather: छत्तीसगढ़ से एमपी की ओर बढ़ा सिस्टम, बैतूल-उज्जैन समेत 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, दक्षिण छत्तीसगढ़ से आया निम्न दबाव का क्षेत्र प्रदेश ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
दक्षिण छत्तीसगढ़ से आया निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय।
बैतूल, उज्जैन सहित 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट।
मानसून ट्रफ सक्रिय, प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। दक्षिण छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र में बना निम्न दबाव का क्षेत्र शनिवार को भी कायम है। इसके साथ बना चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए दक्षिण छत्तीसगढ़ और विदर्भ की ओर जाएगा। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
इन इलाकों में हो सकती है भारी वर्षा
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, धार, उज्जैन, देवास, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट और पांढुर्णा में कहीं-कहीं भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
भोपाल समेत इन जिलों में भी बौछारें पड़ने के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक भोपाल, विदिशा, रायसेन, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, अनूपपुर, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, दमोह, छतरपुर और टीकमगढ़ में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।
वहीं राजगढ़, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, शहडोल, उमरिया, कटनी, पन्ना, निवाड़ी और मैहर में कुछ स्थानों पर वर्षा होने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें- MP में मानसून फिर सक्रिय... दमोह में 6 इंच बारिश, सागर-बैतूल समेत 20 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट
प्रदेश के बड़े हिस्से में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, चंबल, रीवा, शहडोल, जबलपुर, सागर सहित कई जिलों में आंधी-तूफान और बिजली चमकने की स्थिति बन सकती है।
मलाजखंड में 56.8 मिमी बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। शनिवार सुबह 8:30 बजे तक बालाघाट के मलाजखंड में सर्वाधिक 56.8 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा दतिया में 33.8, खजुराहो में 33, उमरिया में 32.6, टीकमगढ़ में 32, सिवनी में 26.8, श्योपुर में 24.2, रीवा में 19.2 और नौगांव में 16.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मानसून ट्रफ भी सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ इस समय जैसलमेर, राजगढ़, बैतूल, दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र, गोपालपुर होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। इसके अलावा दक्षिण कोंकण और उससे लगे पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के असर से मध्य प्रदेश में बारिश का सिलसिला फिलहाल जारी रहने के आसार हैं।
