विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP में मानसून फिर सक्रिय... दमोह में 6 इंच बारिश, सागर-बैतूल समेत 20 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट

Published: Fri, 11 Sep 2026 02:46 PM (GMT+05:30)

मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जहाँ पिछले 24 घंटों में दमोह में सर्वाधिक 144 ...और पढ़ें

-एआई से निर्मित इमेज।

-एआई से निर्मित इमेज।

HighLights

  1. मध्य प्रदेश में मानसून फिर से सक्रिय हुआ, दमोह में सर्वाधिक बारिश।

  2. पिछले 24 घंटों में रीवा-शहडोल संभागों में अधिकांश इलाकों में वर्षा।

  3. राजस्थान से मप्र, छग होकर बंगाल की खाड़ी तक बनी द्रोणिका।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान खासकर पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हुई, जबकि दमोह में सबसे ज्यादा 144 मिमी, यानी करीब 6 इंच वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

मप्र से गुजर रही द्रोणिका

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य हिस्से तथा दक्षिण ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश तट के पास बना कम दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर तक फैला हुआ है। इसके अगले 24 घंटों में और प्रभावी होकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है। इसके साथ ही राजस्थान से मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी द्रोणिका भी प्रदेश में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार कर रही है।

दमोह सबसे ज्यादा भीगा

माैसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों में दमोह में सर्वाधिक 144 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा गुलाबगंज में 90 मिमी, पथरिया में 76 मिमी और सिंगरौली में 60.2 मिमी बारिश हुई।

अन्य स्थानों में अजयगढ़ में 42 मिमी, मंडला में 41 मिमी, विदिशा में 27 मिमी, जबलपुर में 19 मिमी, पचमढ़ी में 16 मिमी, नरसिंहपुर में 15 मिमी, नौगांव में 11.2 मिमी और सतना में 10.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

पिछले 24 घंटों के दौरान रीवा और शहडोल संभाग के अधिकांश जिलों में बारिश हुई। जबलपुर और सागर संभाग में अनेक स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई, जबकि भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के कुछ इलाकों में बारिश हुई। इंदौर, ग्वालियर और चंबल संभाग में छिटपुट वर्षा दर्ज की गई। शेष इलाकों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा।

इस दौरान रीवा संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस तक की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अन्य संभागों में तापमान में विशेष बदलाव नहीं हुआ।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, शिवपुरी, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, डिंडौरी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, सागर, टीकमगढ़, मैहर और पांढुर्णा में कहीं-कहीं भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।

इन जिलों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश होने की संभावना है। इसके साथ गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

भोपाल-इंदौर सहित कई शहरों में बरसेंगे बादल

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और मैहर में अधिकांश स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है।

वहीं विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और पांढुर्णा में अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें- MP Weather: पूर्वी मध्य प्रदेश में फिर जोर पकड़ेगा मानसून, तीन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; इन इलाकों में भी पड़ सकती हैं बौछारें

भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, देवास, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन, बड़वानी, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुर में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के आसार हैं।

मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले जिलों के अलावा भोपाल, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, उमरिया, कटनी, जबलपुर, पन्ना, दमोह, छतरपुर और निवाड़ी में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।