MP Weather: पूर्वी मध्य प्रदेश में फिर जोर पकड़ेगा मानसून, तीन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; इन इलाकों में भी पड़ सकती हैं बौछारें
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मानसून फिर सक्रिय हो गया है, जिससे सीधी, रीवा और सतना जिलों में भारी ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
सीधी, रीवा, सतना में भारी बारिश का अलर्ट जारी।
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय।
पूर्वी मध्य प्रदेश में मानसून की गतिविधियां तेज होंगी।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की सक्रियता एक बार फिर पूर्वी हिस्से में दिखाई दे रही है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र के साथ मानसूनी द्रोणिका के प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने विशेष रूप से सीधी, रीवा और सतना जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक रीवा संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर, जबकि शहडोल संभाग के कुछ हिस्सों में वर्षा दर्ज की गई। उज्जैन, जबलपुर और सागर संभाग के जिलों में भी कहीं-कहीं बारिश हुई। प्रदेश के शेष हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहा।
मंडला में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान मंडला में 19.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा मऊगंज में 18 मिमी, सतना में 15.8 मिमी और कटनी में 12 मिमी वर्षा हुई।
इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, शहडोल, पन्ना और मैहर जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में मानसून की गतिविधियां अपेक्षाकृत अधिक सक्रिय रहने का अनुमान है।
वहीं अनूपपुर, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, दमोह, छतरपुर और पांढुर्णा में कुछ स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं।
पश्चिमी MP में भी बदलेगा मौसम
राजधानी भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर और राजगढ़ के साथ नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन, बड़वानी, खंडवा, बुरहानपुर, उज्जैन, देवास, रतलाम, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर और नीमच में भी अलग-अलग स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुर के साथ नरसिंहपुर, सागर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें- MP में मानसून पर फिलहाल ब्रेक, गर्मी-उमस से लोग बेहाल; जानें कब बदलेगा मौसम
रीवा-सतना-सीधी में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए सीधी, रीवा और सतना जिलों में कहीं-कहीं 64.5 से 115.5 मिमी तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है।
ये वेदर सिस्टम सक्रिय
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर बंगाल की खाड़ी और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र तथा उससे जुड़ी मानसूनी द्रोणिका प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रही है। इसके चलते पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश की गतिविधियां ज्यादा रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी और मध्य हिस्सों में फिलहाल कहीं-कहीं बौछारों और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है।
