विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP में चक्रवाती तूफान के असर से फिर छाएंगे बादल, 29 को रीवा-शहडोल समेत 12 जिलों में भारी बारिश के आसार; जानें अन्य जिलों का हाल

Published: Mon, 26 Oct 2026 03:37 PM (IST)

मध्य प्रदेश में बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से 27 से 30 अक्टूबर तक बारिश का ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती सिस्टम सक्रिय।

  2. 27 से 30 अक्टूबर तक बारिश का नया दौर।

  3. 29 को 12 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। दिन में तेज धूप और गर्मी के बीच अब बारिश का नया दौर शुरू होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर से प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में मौसम बदल सकता है। इसके बाद 28 से 30 अक्टूबर के बीच मध्य और पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। 29 अक्टूबर को प्रदेश के 12 जिलों में भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अगले चार दिनों में तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। सोमवार को भी कई शहरों में धूप निकलने से दिन के तापमान में गर्मी महसूस हुई। हालांकि, रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को दिन में गर्मी और रात में ठंडक के साथ बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है।

बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम

मौसम विज्ञानी प्रमेंद्र कुमार के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके गहरे अवदाब में तब्दील होने और 27 अक्टूबर को भीषण चक्रवाती तूफान का रूप लेने का पूर्वानुमान है। इसके अलावा उत्तरी राजस्थान में चक्रवातीय परिसंचरण और उत्तरी हरियाणा के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है।

इन मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से मध्य प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। खासकर प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी हिस्सों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।

27 से 30 अक्टूबर तक कहां कैसा रहेगा मौसम?

27 अक्टूबर: प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी इलाकों में आंधी और बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ मौसम बदल सकता है।

28 अक्टूबर: मध्य और पूर्वी मध्य प्रदेश के करीब 23 जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश होने के आसार हैं।

29 अक्टूबर: सिंगरौली, सीधी, मऊगंज, रीवा, सतना, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं।

30 अक्टूबर: पूर्वी मध्य प्रदेश में बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से तेज बारिश होने की संभावना है।

अगले चार दिन में 2 डिग्री तक गिरेगा तापमान

बारिश और बदलती मौसमी परिस्थितियों के बीच प्रदेश के तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले चार दिनों में तापमान लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इससे रात और सुबह के समय ठंडक बढ़ने के आसार हैं।

हालांकि, फिलहाल दिन में धूप के कारण कई शहरों में गर्मी का असर बना हुआ है। रविवार को उज्जैन प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें- MP Weather: रात में बढ़ी ठंड, 28 अक्टूबर से फिर होगी बारिश; रीवा-शहडोल समेत इन जिलों में अलर्ट

उज्जैन में 35.4 डिग्री तापमान, पचमढ़ी में रात सबसे ठंडी

रविवार को प्रदेश के प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान की स्थिति इस प्रकार रही:

उज्जैन: 35.4 डिग्री सेल्सियस

गुना: 35.3 डिग्री सेल्सियस

नर्मदापुरम: 35.2 डिग्री सेल्सियस

धार और ग्वालियर: 35.1 डिग्री सेल्सियस

इंदौर, सागर और खजुराहो: 35.0 डिग्री सेल्सियस

भोपाल: 34.0 डिग्री सेल्सियस

वहीं, रात के तापमान में गिरावट के बीच पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 14.2 डिग्री, बालाघाट के मलाजखंड में 14.7 डिग्री और मंडला में 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।