MP Weather: 'अर्णव' के असर से करवा चौथ पर बिगड़ेगा मौसम, रीवा-मंडला समेत 21 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क है, लेकिन चक्रवाती तूफान अर्णव के असर से अगले कुछ दिनों में बदलाव आएगा। ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
चक्रवाती तूफान अर्णव का असर 28 अक्टूबर से शुरू होगा।
करवा चौथ 29 अक्टूबर को भारी से अति भारी बारिश की संभावना।
12 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क है। दिन में तेज धूप और गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि रातें अपेक्षाकृत ठंडी बनी हुई हैं। हालांकि, अगले दो से तीन दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अर्णव, हरियाणा-राजस्थान के आसपास बने मौसमी सिस्टम और नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 28 अक्टूबर से चक्रवाती सिस्टम का असर दिखने लगेगा। 29 अक्टूबर को करवा चौथ के दिन पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी से अति भारी वर्षा की आशंका है। कुछ इलाकों में मौसम का असर अधिक गंभीर हो सकता है। इस सिस्टम का प्रभाव 30 और 31 अक्टूबर तक बने रहने की संभावना जताई गई है।
29 अक्टूबर को 12 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने 29 अक्टूबर के लिए प्रदेश के 12 जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इनमें पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं।
इसके अलावा छतरपुर, दमोह, कटनी, उमरिया, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में भी भारी बारिश होने के आसार हैं। प्रदेश के अन्य हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं।
11 जिलों में तेज हवा और गरज-चमक का अलर्ट
मंगलवार, 27 अक्टूबर को सिंगरौली, सीधी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, सिवनी, मंडला और बालाघाट में मौसम बदलने की संभावना है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं, 28 अक्टूबर को सीधी और मंडला सहित 27 जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके बाद 29 अक्टूबर को बारिश का दायरा और प्रभाव बढ़ने की आशंका है।
30-31 अक्टूबर तक प्रभावित रह सकता है मौसम
मौसम विज्ञानी बीएस यादव के अनुसार, चक्रवाती तूफान अर्णव का असर 28 अक्टूबर से मध्य प्रदेश में दिखाई देने लगेगा। इसके चलते विशेषकर दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी हिस्सों में बादल छाने तथा बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में मौसम के बदलाव पर नजर रखी जा रही है।
उज्जैन में सबसे ज्यादा गर्मी, शाजापुर में सबसे ठंडी रात
मौसम में बदलाव से पहले प्रदेश में दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है। सोमवार को उज्जैन 35 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। धार और खंडवा में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, रात के तापमान में गिरावट के चलते शाजापुर जिले के गिरवर में न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। शहडोल के कल्याणपुर और नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा। रायसेन में रात का पारा 14.5 डिग्री और दमोह में 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
