MP Rajya Sabha By-election: मुरुगन के इस्तीफे से रिक्त सीट पर किसे मिलेगा मौका? मोदी-शाह की बैठक में तय होगा नाम
मप्र में डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई राज्यसभा सीट पर उपचुनाव होगा, जिसका फैसला भाजपा का केंद्रीय ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
मुरुगन के इस्तीफे से मप्र में राज्यसभा सीट रिक्त।
भाजपा केंद्रीय नेतृत्व करेगा उपचुनाव प्रत्याशी का चयन।
नए सदस्य को मिलेगा अप्रैल 2030 तक का कार्यकाल।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। राज्यसभा सदस्य रहे डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे से रिक्त हुई सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रत्याशी का फैसला भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व करेगा। प्रदेश नेतृत्व नामों का पैनल दिल्ली भेजेगा, लेकिन अंतिम मुहर प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री की मौजूदगी में होने वाली संसदीय बोर्ड की बैठक में लगेगी। उप चुनाव में निर्वाचित सदस्य को दो अप्रैल 2030 तक का कार्यकाल मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि मुरुगन ने तमिलनाडु से विधानसभा चुनाव भी लड़ा था, लेकिन पराजित हो गए थे। उधर, कांग्रेस के पास चुनाव जीतने के लिए आवश्यक विधायकों की संख्या नहीं है, मगर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का कहना है कि वह वरिष्ठ नेताओं से परामर्श करके उम्मीदवार को लेकर निर्णय करेंगे।
मप्र से दो बार राज्यसभा जा चुके मुरुगन
कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्यमंत्री रहे डॉ. एल. मुरुगन ने मंत्री पद और राज्यसभा की सदस्यता दोनों से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा ने उन्हें तमिलनाडु के मूल निवासी होने के बावजूद मप्र से दो बार राज्यसभा में भेजा था।
पहली बार सितंबर 2021 में हुए राज्यसभा उपचुनाव के दौरान मप्र से उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया था। इसके बाद दूसरी बार अप्रैल 2024 में भाजपा ने फिर से उन पर भरोसा जताया और मप्र के कोटे से ही दोबारा राज्यसभा में भेजा था। राज्यसभा सदस्य का उनका यह कार्यकाल साल 2030 में समाप्त होने वाला था। उनका लगभग साढ़े तीन वर्ष का कार्यकाल बाकी था।
मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाओं के बीच सीट पर नजर
भाजपा सूत्रों के अनुसार दीपावली या उसके आसपास मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक बड़ा फेरबदल संभावित माना जा रहा है। इस संभावित विस्तार में यदि किसी ऐसे बड़े राष्ट्रीय चेहरे या गैर-सांसद नेता को कैबिनेट मंत्री या राज्य मंत्री बनाया जाता है, जिसे संसद में लाना जरूरी हो, तो उसके लिए मध्य प्रदेश की यह सीट सबसे सुरक्षित और पक्की सीट मानी जा रही है, क्योंकि यहां भाजपा के पास एकतरफा बहुमत है।
पहले भी बाहरी नेताओं को एमपी से भेजा राज्यसभा
मुरुगन से पहले भी भाजपा में राष्ट्रीय समीकरणों यानी राज्यों को साधने के लिए मध्य प्रदेश की सीटों का उपयोग बाहरी नेताओं के लिए होता रहा है। पहले भी प्रकाश जावड़ेकर (महाराष्ट्र), एम. वेंकैया नायडू (आंध्र प्रदेश) जैसे नेताओं को अलग-अलग समय पर यहां से प्रतिनिधित्व दिया गया है।
यह भी पढ़ें- दिग्विजय सिंह की यात्रा में स्कूली बच्चों के इस्तेमाल की शिकायत, NHRC ने MP के मुख्य सचिव व DGP को भेजा नोटिस
दक्षिण के चेहरे को मिल सकता है मौका
इससे यह संभावना प्रबल है कि दक्षिण भारत से ही किसी नेता को मप्र से राज्यसभा भेजा जा सकता है। मप्र में कुल 11 राज्यसभा सीटें हैं, जिनमें से दो कांग्रेस और आठ भाजपा के पास है। इसी वर्ष जून में हुए उप चुनाव में भाजपा के तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट राज्यसभा चुनाव में निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।
