विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP के पिपरिया स्टेशन पर दर्दनाक घटना: रेलवे ट्रैक पर पटवारी, पार्किंग में खड़ी कार में मिले दोनों बच्चों के शव

Published: Sun, 18 Oct 2026 09:17 PM (IST)

नर्मदापुरम के पिपरिया में एक पटवारी और उनके दो बच्चों की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पटवारी का ...और पढ़ें

पिपरिया रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कार में जांच करती पुलिस।

पिपरिया रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कार में जांच करती पुलिस। 

HighLights

  1. रायसेन के बरेली से दोनों बच्चों को लेकर निकले थे अजय धाकड़(

  2. फिलहाल मौतों की वजह स्पष्ट नहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी।

  3. प्रारंभिक आशंका: बच्चों की हत्या कर पटवारी ने की आत्महत्या।

डिजिटल डेस्क, नर्मदापुरम। प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में रविवार को एक पटवारी और उनके दो बच्चों की मौत का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। पटवारी अजय धाकड़ का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, जबकि उनके दोनों बच्चों समर्थ और शिवा के शव रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कार के अंदर बरामद हुए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल तीनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

प्रारंभिक तौर पर आशंक जताई जा रही है कि बच्चों की हत्या करने के बाद पटवारी ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, अभी तक इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और आवश्यक साक्ष्य सामने आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

बच्चों को लेकर घर से निकले थे पटवारी

अजय धाकड़ रायसेन जिले के बरेली के निवासी थे और उदयपुरा में पटवारी के पद पर पदस्थ थे। जानकारी के अनुसार, रविवार को वह अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर बरेली से निकले थे। काफी समय तक उनसे संपर्क नहीं होने और कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।

इसी दौरान देर शाम परिजनों को सूचना मिली कि पिपरिया रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर अजय धाकड़ का शव मिला है। इसके बाद स्टेशन परिसर में खड़ी उनकी कार की जानकारी सामने आई। कार की जांच करने पर उसके अंदर दोनों बच्चों के शव मिले।

मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस

घटना के बाद जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पटवारी और उनके दोनों बच्चे पिपरिया कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। मामले से जुड़े घटनाक्रम और परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें- भोपाल में घर में घुसकर 2 युवतियों समेत 8 लोगों का अपहरण, 10 लाख की मांगी फिरौती; 3 गिरफ्तार

अधिकारियों के अनुसार, तीनों शवों का पोस्टमार्टम सोमवार को कराए जाने की बात कही गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों से मौत के कारणों का पता लगाने में मदद मिल सकती है। 

बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और अजय धाकड़ ने आत्महत्या क्यों की, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- आशीष पंवार, एसडीओपी, पिपरिया