भोपाल में घर में घुसकर 2 युवतियों समेत 8 लोगों का अपहरण, 10 लाख की मांगी फिरौती; 3 गिरफ्तार
भोपाल में गांधीनगर के एयरोसिटी कॉलोनी से दो युवतियों सहित आठ कैफे कर्मचारियों का अपहरण कर 10 लाख रुपये की ...और पढ़ें

कैफे कर्मचारियों का अपहरण (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है। )
जेएनएन, भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल से अपहरण का मामला सामने आया है, जहां गांधीनगर के एयरोसिटी कालोनी में किराये के मकान में रह रहे कैफे कर्मचारियों को अगवा कर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। ग्वालियर के एक कैफे संचालक ने दो लाख रुपये के विवाद में अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
आरोपित शुक्रवार देर रात घर में घुसे और दो युवतियों सहित आठ लोगों को मारपीट कर दो गाड़ियों में बैठाया। इसके बाद उन्हें पिपलानी क्षेत्र में ले गए। दिल्ली में रहने वाले एक युवक के दोस्त से फिरौती मांगने पर पुलिस को घटना की सूचना मिली।
पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर सभी आठ लोगों को मुक्त करा लिया, जबकि मुख्य आरोपित फरार है। पुलिस के अनुसार, ग्वालियर के आरोपित का भोपाल में आइएसबीटी के पास कैफे था।
अगवा किए गए लोग वहां काम करते थे। आरोप है कि कर्मचारियों से करीब दो लाख रुपये की धोखाधड़ी को लेकर विवाद चल रहा था।
ग्वालियर के कैफे संचालक ने की वारदात
गांधीनगर पुलिस के अनुसार, ग्वालियर के आरोपित का भोपाल में आईएसबीटी के पास कैफे था। अगवा किए गए लोग वहां काम करते थे। आरोप है कि कर्मचारियों से करीब दो लाख रुपये की धोखाधड़ी को लेकर विवाद चल रहा था।
रुपये मांगने पर नहीं मिलने से नाराज कैफे संचालक अपने भोपाल निवासी साथियों राधे, अमन, बालेंद्र और अन्य लोगों के साथ उनके किराये के कमरे पर पहुंचा। वहां मारपीट कर सभी को जबरन गाड़ियों में बैठा लिया गया।
दिल्ली में फोन कर मांगी फिरौती
आरोपितों ने बंधक बनाए गए एक युवक के दिल्ली निवासी दोस्त को फोन कर 10 लाख रुपये मांगे। उसने रात करीब एक बजे डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद गांधीनगर पुलिस ने कार के नंबर और आरोपितों के मोबाइल की लोकेशन के आधार पर पिपलानी चौराहे के पास दबिश देकर तीन आरोपितों को पकड़ लिया और आठों बंधकों को छुड़ा लिया।
पुलिस ने मारपीट, बंधक बनाने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर फरार मुख्य आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
