विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP में फिर करवट लेगा मौसम, बैतूल-नर्मदापुरम समेत इन जिलों में बरसेंगे बादल; तेज हवाएं चलने के भी आसार

Published: Mon, 21 Sep 2026 03:27 PM (IST)

मध्य प्रदेश में मानसून की गतिविधियां जारी हैं, पिछले 24 घंटों में कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। अगले ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. मध्य प्रदेश में मानसून की गतिविधियां अभी भी जारी हैं।

  2. बैतूल, नर्मदापुरम सहित कई जिलों में बारिश का अलर्ट।

  3. अगले 24 घंटे में गरज-चमक और तेज हवाएं चलेंगी।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की गतिविधियां फिलहाल जारी हैं। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई है। जबलपुर और शहडोल संभागों के अधिकांश जिलों में पानी गिरा, जबकि नर्मदापुरम और रीवा संभागों में भी अनेक स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। भोपाल और सागर संभागों में कुछ स्थानों पर तथा इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और चंबल संभागों में कहीं-कहीं बारिश हुई।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह 8.30 बजे तक बैतूल में सबसे ज्यादा 34.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा दमोह में 28 मिमी, जबलपुर में 18.2 मिमी, उमरिया में 16.7 मिमी तथा नर्मदापुरम और मलाजखंड में 16.2 मिमी बारिश हुई।

अगले 24 घंटे इन जिलों में ज्यादा असर

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटे में नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, कटनी, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर में भी कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है।

पूरे प्रदेश में आंधी-बिजली का अलर्ट

अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के लगभग सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बढ़ा रहा बारिश की संभावना

मौसम में बदलाव की बड़ी वजह बंगाल की खाड़ी में सक्रिय सिस्टम है। पूर्व-मध्य और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके अगले 24 घंटे में अवदाब और उसके बाद गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है। इसके 23 सितंबर की सुबह के आसपास उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट के पास पहुंचने के आसार हैं।

यह भी पढ़ें- MP Weather: लौटते मानसून ने दिखाया असर, नरसिंहपुर में 4 इंच वर्षा; बालाघाट-अनूपपुर समेत इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण और जम्मू-कश्मीर के आसपास नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।

राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू

दूसरी ओर, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी भी आगे बढ़ रही है। 21 सितंबर को मानसून राजस्थान के कुछ और हिस्सों के साथ हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों से पीछे हट गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2-3 दिनों में पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, राजस्थान के कुछ और हिस्सों के साथ सौराष्ट्र-कच्छ, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से भी मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।