MP में मानसून की विदाई से पूर्व फिर बरसेगा पानी, शहडोल-नर्मदापुरम समेत 14 जिलों में बौछारें पड़ने के आसार, इन इलाकों में बिजली-आंधी का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई नजदीक होने के बावजूद, अगले 24 घंटों में 14 जिलों में बारिश और गरज-चमक ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
अगले 24 घंटे में 14 जिलों में बौछारें पड़ने की संभावना।
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां।
सोमवार को सागर में 14.4 मिमी व नरसिंहपुर में 13 मिमी वर्षा।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई की घड़ी नजदीक आ रही है। इस बीच मौसम का नरम-गरम मिजाज बरकरार है। सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान नर्मदापुरम, बैतूल, सिंगरौली, सीधी, मऊगंज समेत 14 जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। वहीं प्रदेश के कुछ अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक सागर में 14.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नरसिंहपुर में 13, मंडला में 12.4, गुना में 7.2, बैतूल में 5.8 और अशोकनगर में 5 मिमी पानी गिरा। भोपाल, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभागों के कुछ स्थानों पर बारिश हुई, जबकि इंदौर, नर्मदापुरम और उज्जैन संभागों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई। शेष संभागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बढ़ाएगा बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम-मध्य और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके अगले 12 घंटे में और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके बाद 23 सितंबर की रात से 24 सितंबर की शुरुआती घंटों के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट के बीच इसके पार करने की संभावना है।
इस सिस्टम से जुड़े परिसंचरण के प्रभाव में दक्षिण और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। इसके अलावा अरब सागर से बंगाल की खाड़ी तक बना ट्रफ भी मौसम को प्रभावित कर रहा है।
इन जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान नर्मदापुरम, बैतूल, सिंगरौली, सीधी, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है।
वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, रीवा, सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं।
पूरे प्रदेश में गरज-चमक और बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश के लगभग सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
यह भी पढ़ें- MP में फिर करवट लेगा मौसम, बैतूल-नर्मदापुरम समेत इन जिलों में बरसेंगे बादल; तेज हवाएं चलने के भी आसार
मानसून की विदाई का सिलसिला जारी
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा फिलहाल जैसलमेर, नागौर, सीकर, रोहतक, पटियाला और गुरदासपुर होते हुए आगे बढ़ रही है। अगले 2-3 दिनों में पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, राजस्थान के कुछ और हिस्सों तथा सौराष्ट्र-कच्छ समेत कई क्षेत्रों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
मध्य प्रदेश में फिलहाल मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान मौसम में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होने का अनुमान जताया है।
