विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'जाओ कर्नल सोफिया से माफी मांगो', MP के मंत्री को SC की फटकार; हाईकोर्ट ने भी FIR में गिनाईं खामियां

Published: Thu, 15 May 2025 10:17 AM (IST)Updated: Thu, 15 May 2025 12:39 PM (IST)

कर्नल सोफिया कुरैशी पर मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह ने विवादित टिप्पणी की थी जिसके बाद मध्यप्रदेश हाई कोर्ट ने ...और पढ़ें

एमपी के मंत्री ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिया था विवादित बयान (फाइल फोटो)
एमपी के मंत्री ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिया था विवादित बयान (फाइल फोटो)

HighLights

  1. कर्नल सोफिया कुरैशी पर मंत्री का विवादित बयान
  2. कांग्रेस ने एमपी के मंत्री को पद से हटाने की मांग की

जेएनएन, मध्यप्रदेश। कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान देने वाले मध्यप्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के खिलाफ महू के मानपुर थाने में बुधवार देर रात एफआईआर दर्ज की गई थी। इस मामले को लेकर मंत्री सुप्रीम कोर्ट पहुंच गए, जहां से उन्हें फटकार मिली है।

सुप्रीम कोर्ट ने विजय शाह को फटकार लगाते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को तब और जिम्मेदार होना चाहिए जब देश ऐसी स्थिति से गुजर रहा हो। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि उन्हें पता होना चाहिए कि वह क्या कह रहे हैं।

SC ने किए तीखे सवाल

भारत के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई ने विजय शाह से कहा, "आप किस तरह के बयान दे रहे हैं? आप सरकार के एक जिम्मेदार मंत्री हैं।"

सीजेआई ने शाह के वकील से कहा, "जब यह देश ऐसी स्थिति से गुजर रहा है, तो एक जिम्मेदार मंत्री द्वारा बोला गया हर वाक्य या शब्द जिम्मेदारी की भावना के साथ होना चाहिए।" पीठ ने कहा, "ऐसे संवैधानिक पद पर बैठे लोगों से संयम बरतने की अपेक्षा की जाती है।"

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने एमपी के मंत्री विजय शाह की याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई करने पर सहमति जताई, जिसमें हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दी गई है।

MP हाई कोर्ट करेगा मॉनिटरिंग

मध्यप्रदेश हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति अतुल श्रीधरन और न्यायमूर्ति अनुराधा शुक्ला की युगल पीठ ने विजय शाह के मामले का संज्ञान लिया और कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ अनर्गल टिप्पणी करने के आरोपी मंत्री विजय शाह के विरुद्ध महू के मानपुर थाने में दर्ज एफआईआर की ड्राफ्टिंग पर असंतोष जताया।

हाई कोर्ट ने राज्य शासन को नए सिरे से सुधार के निर्देश भी दिए हैं। अब इस मामले पर शुक्रवार को फिर से सुनवाई निर्धारित की गई है। कोर्ट ने यह साफ कर दिया कि इस मामले की हाई कोर्ट मॉनिटरिंग करेगा।

सुप्रीम कोर्ट में लगाई अर्जी

विजय शाह ने एफआईआर रद कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में अर्जी लगाई थी। याचिका में उन्होंने अपने बयान पर माफी भी मांगी है। बता दें, कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए गए बयान के मामले पर कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए विजय शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए थे।

इस मामले को लेकर मध्यप्रदेश हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। इसके साथ ही आज हाई कोर्ट में उस वीडियो के लिंक भी रखे जाएंगे, जिसमें मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया को लेकर विवादित टिप्पणी की है।

कांग्रेस की क्या है मांग?

मंत्री विजय शाह के विवादित बयान का मामला काफी ज्यादा तूल पकड़ चुका है और इस कड़ी राजनीतिक पार्टियां भी उनका विरोध कर रही है। कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह को उनके पद से हटाने की मांग की है। इंदौर, भोपाल और जबलपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में विजय शाह के खिलाफ प्रदर्शन भी किया गया था।

एमपी के मंत्री विजय शाह के विवादित बयान के बाद 'डैमेज कंट्रोल' में जुटी BJP, कर्नल सोफिया के घर पहुंचे पार्टी नेता