विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP के ब्यावरा में जमीन अधिग्रहण के खिलाफ किसान महापंचायत: मंत्री पंवार बोले- 'CM भी आएंगे तो खड़ा रहूंगा, पहले इस्तीफा लो, फिर होगी बात'

Published: Thu, 14 May 2026 03:58 PM (IST)

राजगढ़ के ब्यावरा में बायोगैस प्लांट के लिए 219 बीघा जमीन अधिग्रहण के विरोध में किसान महापंचायत हुई। राज्यमंत्री नारायण ...और पढ़ें

किसानों से चर्चा करते मंत्री नारायण सिंह पंवार।

किसानों से चर्चा करते मंत्री नारायण सिंह पंवार।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजगढ़ जिले की ब्यावरा तहसील का बांकपुरा गांव इन दिनों जमीन अधिग्रहण विवाद को लेकर प्रदेश की राजनीति का नया केंद्र बन गया है। औद्योगिक परियोजना के लिए अधिग्रहित 219 बीघा जमीन के विरोध में आयोजित किसान महापंचायत में उस समय माहौल गरमा गया, जब राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने मंच से किसानों के समर्थन में खुलकर मोर्चा संभाल लिया। उनके बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है।

करीब 50 गांवों के किसानों की मौजूदगी में मंत्री पंवार ने दो टूक कहा कि किसानों की जमीन पर जबरन कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने मंच से ऐलान किया, “कब्जा नहीं देंगे, दीवार की तरह खड़े हो जाओ। कितना ही बड़ा उद्योगपति आ जाए, कोई भी आ जाए… मुख्यमंत्री भी आएंगे तो मैं किसानों के साथ खड़ा रहूंगा। पहले मेरा इस्तीफा लो, फिर आगे बात करना।”

बायोगैस प्लांट विस्तार को लेकर भड़का विवाद

दरअसल, दिलीप बिल्डकॉन कंपनी द्वारा ‘ब्रायोनिया एनर्जी’ परियोजना के तहत बांकपुरा में 219 बीघा जमीन अधिग्रहित की गई है। यहां बायोगैस प्लांट के विस्तार की योजना है। प्रशासन द्वारा सीमांकन और कब्जा प्रक्रिया शुरू किए जाने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई।

किसानों का आरोप है कि जिस जमीन पर वे वर्षों से खेती करते आ रहे हैं और जहां उनके पशु चरते थे, उसे बिना पारदर्शिता के अधिग्रहित कर लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ जमीन नहीं, बल्कि उनकी आजीविका और भविष्य का सवाल है।

यह भी पढ़ें- NEET पेपर लीक से फिर चर्चा में 'भोपाल कनेक्शन', कई राज्यों की परीक्षाओं से भी जुड़ चुके हैं तार

विपक्ष का भी साथ मिला

दिलचस्प बात यह रही कि इस महापंचायत में मंत्री पंवार के साथ कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया भी कंधे से कंधा मिलाकर खड़े नजर आए। दोनों नेताओं ने किसानों की रोजी-रोटी को प्राथमिकता देने की बात कही। मंत्री ने साफ कहा कि कारखाना कहीं भी लग सकता है, लेकिन किसानों की रोजी-रोटी और पेट का सवाल सबसे पहले है। पेट कहां से भरेंगे।

दिलीप बिल्डकॉन ने करीब 219 बीघा जमीन ली है। ब्रायोनिया एनर्जी के नाम से वह जमीन है। जमीन पट्टे की ली है या कैसी है, यह मेरी जानकारी में नहीं है। मेरे समय की नहीं है, मैं अभी आया हूं।
- आनंद जायसवाल, तहसीलदार ब्यावरा।