रायसेन के जंगल में भालू के हमले में ग्रामीण की मौत, क्षत-विक्षत मिला शव; आधा चेहरा गायब
रायसेन जिले के पाली गांव में लकड़ी लेने गए 50 वर्षीय गुड्डू धानक की भालू के हमले में मौत हो ...और पढ़ें

ग्रामीण पर भालू का हमला। (प्रतीकात्मक चित्र)
HighLights
रायसेन के जंगल में लकड़ी लेने गए ग्रामीण पर भालू का हमला।
गुड्डू धानक (50) की भालू के हमले में हुई दर्दनाक मौत।
वन विभाग ने पगचिह्नों और साक्ष्यों से भालू के हमले की पुष्टि की।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। रायसेन जिले के जंगल में लकड़ी लेने गए एक ग्रामीण की भालू के हमले में मौत हो गई। घटना जिला मुख्यालय से करीब 75 किलोमीटर दूर बाड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम पाली की है। मृतक के शरीर पर जंगली जानवर के हमले के निशान मिले हैं। वन विभाग की जांच में घटनास्थल पर मिले पगचिह्न और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की वजह भालू का हमला होना बताया गया है। मृतक की पहचान पाली निवासी गुड्डू धानक (50) के रूप में हुई है।
गुरुवार दोपहर जंगल गए, रात तक नहीं लौटे
जानकारी के अनुसार गुड्डू धानक गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे लकड़ी लेने के लिए जंगल गए थे। देर रात तक उनके घर नहीं लौटने पर स्वजन चिंतित हो गए और उनकी तलाश शुरू की गई। परिजन रातभर जंगल और आसपास के क्षेत्रों में उनकी खोज करते रहे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
शुक्रवार सुबह गुड्डू का भाई और बेटा फिर जंगल में तलाश के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्हें जंगल में गुड्डू का शव मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
चेहरे और शरीर पर मिले हमले के निशान
पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर जंगली जानवर के हमले के गंभीर निशान थे। आंखें बाहर निकली हुई थीं और चेहरे का आधा हिस्सा गायब था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।। घटना की सूचना मिलते ही बाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और वन विभाग को भी जानकारी दी गई।
यह भी पढ़ें- पुलिस की वर्दी में वाहन चोरी! भोपाल में शातिर चोर गिरफ्तार, एक चूक... और ई-चालान ने खोल दिया पूरा राज
पेड़ों पर भालू के पंजों के निशान
वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्र में पगचिह्न और अन्य साक्ष्यों की जांच की। टीम को आसपास के पेड़ों पर भी भालू के पंजों के निशान मिले। शव पर मिले चोट के निशानों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर वन विभाग ने ग्रामीण की मौत भालू के हमले से होने की पुष्टि की है।
गुड्डू धानक मजदूरी करते थे और अक्सर जंगल में लकड़ी लेने जाते थे। गुरुवार को जंगल जाने के बाद वह वापस नहीं लौटे। शुक्रवार को तलाश के दौरान उनका शव मिला। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
- जेपी त्रिपाठी, थाना प्रभारी, बाड़ी
