पुलिस की वर्दी में वाहन चोरी! भोपाल में शातिर चोर गिरफ्तार, एक चूक... और ई-चालान ने खोल दिया पूरा राज
भोपाल में पुलिस की वर्दी पहनकर वाहन चोरी करने वाले एक नकली पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया गया है। एक ई-चालान ...और पढ़ें

सिग्नल तोड़कर भागते समय आरोपित का हुलिया सीसीटीवी में कैद हो गया। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
करोंद इलाके में किराये से रह रहा था आरोपित।
हमीदिया अस्पताल से महिला नर्स की स्कूटी चुराई थी।
सिग्नल तोड़ने के ई-चालान से मिला आरोपित का सुराग।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। खाकी वर्दी पहनकर पुलिसकर्मी होने का रौब दिखाना और फिर मौका मिलते ही वाहन चोरी कर फरार हो जाना... भोपाल में वाहन चोरी का एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नकली पुलिसकर्मी बनकर अलग-अलग इलाकों में वारदात करने वाले आरोपित को कोहेफिजा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की गिरफ्तारी उस मामले में हुई है, जिसमें उसने हमीदिया अस्पताल की एक महिला नर्सिंग ऑफिसर की स्कूटी चोरी की थी। आरोपित पुलिस की वर्दी पहनकर वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने उसे भानपुर इलाके से गिरफ्तार किया है।
ई-चालान से मिला सुराग
पुलिस को आरोपित का सुराग मिलने की कहानी भी दिलचस्प है। दरअसल, हमीदिया अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर के रूप में पदस्थ एक महिला की अस्पताल परिसर से स्कूटी चोरी हो गई। उसने स्थानीय थाने में इसकी एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस स्कूटी की खोजबीन में जुटी थी, इसी दरमियान एक दिन नर्सिंग ऑफिसर के पास ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने का ई-चालान पहुंचा।
महिला ने ई-चालान के साथ चस्पा सीसीटीवी फुटेज की तस्वीर देखी तो चौंक गई। उसमें पुलिस की वर्दी में कोई शख्स उसकी स्कूटी दौड़ाता और सिग्नल तोड़ता नजर आया। यही चालान और उससे जुड़े सुराग पुलिस के लिए आरोपित तक पहुंचने का अहम माध्यम बने।
बताया जा रहा है कि महिला नर्सिंग ऑफिसर की शिकायत के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मिले तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपित तक पहुंची और उसे पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें- ई-चालान ने खोला चोरी की स्कूटी का राज, खाकी वर्दी में महिला चलाती दिखी; भोपाल पुलिस के सामने खड़े हुए कई सवाल
छिंदवाड़ा का रहने वाला है आरोपित
गिरफ्तार आरोपित मूल रूप से छिंदवाड़ा का रहने वाला है और वर्तमान में भोपाल के करोद इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। आरोप है कि वह अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस की वर्दी पहनकर नकली पुलिसकर्मी बनता था और वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
नकली खाकी के पीछे और कितनी वारदातें?
फिलहाल कोहेफिजा पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित ने भोपाल या अन्य शहरों में इसी तरीके से और कितने वाहन चोरी किए हैं और नकली पुलिसकर्मी बनकर उसने किन-किन वारदातों को अंजाम दिया।
