विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP में 18 साल बाद होमगार्ड भर्ती की तैयारी, 5,020 पदों पर होगी नियुक्ति; महिलाओं को 33% आरक्षण

Published: Wed, 14 Oct 2026 10:29 PM (IST)

मध्य प्रदेश में 18 साल बाद होमगार्ड के 5,020 रिक्त पदों पर भर्ती की तैयारी है, जिसमें महिलाओं के लिए ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. 18 साल बाद MP में होमगार्ड भर्ती की तैयारी।

  2. कुल 5,020 पदों पर होगी नियुक्तियां, 33% महिलाओं के लिए।

  3. कर्मचारी चयन मंडल पहली बार राज्य स्तर पर करेगा भर्ती।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश में होमगार्ड यानी नगर सेना के हजारों रिक्त पदों को भरने की तैयारी शुरू हो गई है। करीब 18 साल बाद नियमित भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) इसी महीने भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ा सकता है। इसके तहत कुल 5,020 पदों पर नियुक्तियां प्रस्तावित हैं। इनमें सामान्य ड्यूटी के 4,532 पद और उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर की सुरक्षा के लिए 488 पद शामिल हैं।

इस बार भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव भी किया जा रहा है। अब तक होमगार्ड की भर्ती जिला स्तर पर रिक्त पदों के आधार पर होती थी, लेकिन पहली बार पूरे प्रदेश के लिए एक साथ भर्ती की तैयारी है। इससे लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने का रास्ता खुल सकता है।

2008 के बाद नहीं हुई नियमित भर्ती

मध्य प्रदेश में होमगार्ड को डाइंग कैडर घोषित किए जाने के कारण वर्ष 2008 के बाद नियमित भर्ती नहीं हुई। हालांकि, वर्ष 2016 में उज्जैन सिंहस्थ के दौरान करीब 2,600 जवानों की अस्थायी भर्ती की गई थी। बाद में इन जवानों को नियमित सेवा में शामिल कर लिया गया।

इसके बाद नई भर्ती नहीं होने से रिक्त पदों की संख्या लगातार बढ़ती गई। सेवानिवृत्त होने वाले जवानों के स्थान पर भी नई नियुक्तियां नहीं हो पा रही थीं। अब विभाग इन खाली पदों को भरने की तैयारी कर रहा है।

प्रदेश में होमगार्ड के कुल 15,800 पद स्वीकृत हैं। इनके संचालन के लिए 97 कंपनियां गठित हैं। इनमें से 6,690 पद खाली बताए गए हैं। प्रस्तावित 5,020 पदों पर भर्ती होने से बल की कमी दूर करने में मदद मिल सकती है।

महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत पद आरक्षित

होमगार्ड भर्ती में महिलाओं को भी अवसर दिया जाएगा। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, कुल पदों में 33 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। इससे पहले विभाग में केवल एक बार महिलाओं की भर्ती हुई थी। फिलहाल प्रदेश में करीब 350 महिला होमगार्ड कार्यरत हैं।

होमगार्ड की सेवा परिस्थितियों को जिला पुलिस बल की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण माना जाता रहा है। इसी वजह से लंबे समय तक महिलाओं की भर्ती नहीं की गई। हालांकि, बदलती परिस्थितियों में महिलाएं भी कठिन जिम्मेदारियां निभाने के लिए आगे आ रही हैं।

यह भी पढ़ें- युवाओं के लिए बड़ी खबर: MP के सरकारी विभागों में भर्तियों का रोडमैप तैयार, सालभर में भरे जाएंगे एक लाख पद

SC-ST के लिए भी आरक्षण, OBC पर स्थिति स्पष्ट नहीं

प्रस्तावित भर्ती में अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए 20 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के लिए 15 प्रतिशत पद आरक्षित रखने की बात कही गई है। अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आरक्षण को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

अब अभ्यर्थियों की नजर ईएसबी की आधिकारिक अधिसूचना पर रहेगी। भर्ती की तारीख, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी अंतिम जानकारी अधिसूचना जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

भर्ती के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। इसके पहले जिला स्तर पर भर्ती होती थी, जिसे पहली बार प्रदेश स्तर पर कर्मचारी चयन मंडल से कराने की तैयारी है। इसका शीघ्र विज्ञापन जारी हो सकता है।
- प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, महानिदेशक- होमगार्ड