युवाओं के लिए बड़ी खबर: MP के सरकारी विभागों में भर्तियों का रोडमैप तैयार, सालभर में भरे जाएंगे एक लाख पद
मध्य प्रदेश में 2027 को 'युवा वर्ष' के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती की ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
2027 'युवा वर्ष' में एक लाख सरकारी भर्तियां होंगी।
शिक्षा और पुलिस विभाग में सर्वाधिक नियुक्तियां होंगी।
MPPSC साल में दो बार परीक्षा आयोजित करेगा।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश में वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेश में रिक्त पदों और नए स्वीकृत पदों को मिलाकर करीब एक लाख सरकारी भर्तियां करने की तैयारी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों के साथ समन्वय कर भर्ती का रोडमैप तैयार किया है। इसमें सबसे ज्यादा जोर शिक्षक और पुलिस बल में नियुक्तियों पर रहेगा।
भर्ती प्रक्रिया मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) और कर्मचारी चयन मंडल (ESB) के माध्यम से पूरी की जाएगी। चयन में लगने वाला समय कम करने के लिए समान श्रेणी के पदों को एक समूह में शामिल करने की योजना है। दस्तावेजों के सत्यापन सहित अन्य औपचारिकताएं भी पोर्टल के माध्यम से पूरी कराने की तैयारी है, ताकि चयनित अभ्यर्थियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
ढाई लाख भर्तियों के लक्ष्य की ओर बढ़ेगी सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2028 तक प्रदेश में ढाई लाख भर्तियां करने की घोषणा की है। सरकारी जानकारी के अनुसार, अब तक करीब 80 हजार पदों पर भर्ती की जा चुकी है। हालांकि, ओबीसी आरक्षण से जुड़े कानूनी विवाद के कारण 13 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां अटकी हुई हैं।
दरअसल, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को 27 प्रतिशत आरक्षण देने के मुद्दे पर कानूनी स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण सरकार ने भर्ती में एक फार्मूला अपनाया था। इसके तहत ओबीसी और अनारक्षित श्रेणी से चयनित अभ्यर्थियों में से 13 प्रतिशत पदों के परिणाम और नियुक्तियां रोककर रखी गई थीं। कुछ विभागों में इस व्यवस्था के तहत नियुक्तियां हुईं, लेकिन बाद में प्रक्रिया फिर उलझ गई।
अब हाई कोर्ट के 14 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण की पुरानी व्यवस्था लागू करने संबंधी फैसले के बाद इन नियुक्तियों को लेकर स्थिति और जटिल हो गई है। ऐसे में लंबित नियुक्तियों का समाधान भी सरकार के सामने चुनौती बना हुआ है।
MPPSC साल में दो बार कराएगा परीक्षा
युवा वर्ष के दौरान भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग भी साल में दो बार परीक्षा आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। इससे लगभग 1,200 पदों पर भर्ती का रास्ता खुलने की संभावना है। सरकार की योजना है कि परीक्षाओं और चयन की प्रक्रिया को व्यवस्थित कर खाली पदों को जल्द भरा जाए।
ऑनलाइन प्रक्रिया से अभ्यर्थियों को मिलेगी राहत
भर्ती रोडमैप में केवल पदों को भरने पर ही नहीं, बल्कि चयन प्रक्रिया को आसान बनाने पर भी जोर दिया गया है। समान श्रेणी के पदों के लिए संयुक्त प्रक्रिया अपनाने और दस्तावेजों के सत्यापन को ऑनलाइन करने से समय बचाने की कोशिश होगी। इससे अभ्यर्थियों को बार-बार अलग-अलग विभागों में दस्तावेज जमा कराने की परेशानी से राहत मिल सकती है।
मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई के अनुसार, मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सामान्य प्रशासन विभाग ने भर्ती का रोडमैप तैयार किया है। मुख्यमंत्री इसे देख चुके हैं और आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- MP Board Exam 2026: 10वीं-12वीं के छात्रों के लिए बड़ी खबर, माशिमं ने जारी किए मॉडल पेपर; समझें परीक्षा का पैटर्न
विभागवार इन पदों पर होंगी भर्तियां
विभाग-- पदों की संभावित संख्या-- पद
स्कूल शिक्षा--18,000-- शिक्षक भर्ती वर्ग-1, वर्ग-2 और वर्ग-3
गृह विभाग- 18,834- आरक्षक, सब-इंस्पेक्टर, सूबेदार सहित अन्य पद
ऊर्जा विभाग- 3,969- सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, टेस्टिंग असिस्टेंट और अन्य तकनीकी पद
राजस्व विभाग- तय नहीं -तहसीलदार, सहायक संवर्ग, सामान्य प्रशासन विभाग सहायक ग्रेड-तीन और स्टेनोग्राफर
(वन, परिवहन, सहकारिता, श्रम, और नगरीय विकास एवं आवास विभाग के करीब 1200 पदों पर भर्ती की योजना)
