विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में फिर वर्षा का दौर; छिंदवाड़ा-मंडला समेत 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; 30-40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Published: Wed, 23 Sep 2026 03:15 PM (IST)

मध्य प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ने के बावजूद कई हिस्सों में बारिश जारी है, जबकि दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. मानसून की वापसी के बावजूद कई जिलों में बारिश जारी।

  2. छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट।

  3. बंगाल की खाड़ी के गहरे अवदाब का मध्य भारत पर असर।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की गतिविधियां अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी हैं, लेकिन प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर अभी जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में शहडोल संभाग के कुछ जिलों के साथ भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, चंबल, रीवा, जबलपुर और सागर संभागों में कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई। बाकी संभागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा।

बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बालाघाट में 11.4 मिमी, मंडला में 9.8 मिमी और दमोह में 4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मानसून की वापसी शुरू, एमपी में अभी बारिश का दौर

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून बुधवार, 23 सितंबर को पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के अधिकांश हिस्सों के साथ पूरी दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों से आगे पीछे हट गया है। मानसून की वापसी की रेखा अब गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होकर गुजर रही है।

बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ा सिस्टम

हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब (Deep Depression) पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 23 सितंबर की रात तक उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट के बीच कलिंगपट्टनम के आसपास तट पार करने की संभावना है। इस सिस्टम का प्रभाव मध्य भारत के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।

इन जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारों के आसार

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान अनूपपुर, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा में अनेक स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।

वहीं सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

भोपाल समेत इन जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी

राजधानी भोपाल समेत विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुर में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने के आसार हैं।

4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

इसके साथ ही प्रदेश के लगभग सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

यह भी पढ़ें- MP में मानसून की विदाई से पूर्व फिर बरसेगा पानी, शहडोल-नर्मदापुरम समेत 14 जिलों में बौछारें पड़ने के आसार, इन इलाकों में बिजली-आंधी का अलर्ट

प्रदेश में सामान्य से 6% कम बारिश

मध्य प्रदेश में इस मानसून सीजन में बारिश का आंकड़ा अभी भी सामान्य से नीचे है। 1 जून से 22 सितंबर तक प्रदेश में सामान्य से 6 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

पूर्वी मध्य प्रदेश में दीर्घावधि औसत की तुलना में 2 प्रतिशत कम, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के आउटलुक के अनुसार, अगले पांच दिनों में मौसम की स्थिति में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।