विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर सेना के नाम संकल्प, शौर्य स्मारक में CM मोहन यादव ने रोपा 'संकल्प वृक्ष'

Published: Sun, 01 Nov 2026 03:19 PM (IST)

मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल के शौर्य स्मारक में 'संकल्प वृक्ष' का रोपण ...और पढ़ें

सीएम डॉ. मोहन यादव ने शौर्य स्मारक में रोपा 'संकल्प वृक्ष'। (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)

सीएम डॉ. मोहन यादव ने शौर्य स्मारक में रोपा 'संकल्प वृक्ष'। (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)

HighLights

  1. सीएम मोहन यादव ने 'संकल्प वृक्ष' का रोपण किया।

  2. 55 जिलों की मिट्टी से सिंचित, एकता का प्रतीक।

  3. सेना दिवस 2027 की तैयारियों का हिस्सा।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर राजधानी भोपाल में राष्ट्रभक्ति और सैन्य गौरव का अनूठा संदेश दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार, 1 नवंबर को शौर्य स्मारक में 'संकल्प वृक्ष' का रोपण किया। यह पौधारोपण सेना दिवस-2027 के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का हिस्सा रहा। खास बात यह है कि इस वृक्ष को प्रदेश के सभी 55 जिलों के गांवों, कस्बों और शहरों से 'मेरी माटी' अभियान के तहत जुटाई गई मिट्टी से सिंचित किया गया। इसके जरिए प्रदेश की विविधता को एकता के सूत्र में पिरोने का संदेश दिया गया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सैन्य इवेंट प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। यहां भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम, सामरिक क्षमता और आधुनिक तकनीकी नवाचारों को प्रदर्शित किया गया है। इवेंट पवेलियन में सेना दिवस परेड, रण हुंकार, एकीकृत युद्ध प्रदर्शन और सैन्य प्रदर्शनी की झलक प्रस्तुत की गई है। ये आयोजन 15 जनवरी 2027 को होने वाले सेना दिवस समारोह की तैयारियों का हिस्सा हैं।

भोपाल की धरती पर सेना के शौर्य का होगा प्रदर्शन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश के लिए यह गौरव और सौभाग्य की बात है कि 1 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक भारतीय सेना भोपाल की धरती पर अपने अदम्य साहस, पराक्रम और सैन्य क्षमता का प्रदर्शन करेगी। प्रदेशवासियों को इस ऐतिहासिक आयोजन की अग्रिम बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सैन्य व्यवस्था में कई नए प्रयोग और नवाचार हुए हैं। इससे पारंपरिक सैन्य आयोजनों को भी नई ऊर्जा और आधुनिक स्वरूप मिला है।

अग्निवीर योजना से युवाओं में बढ़ रहा राष्ट्रसेवा का संकल्प

मुख्यमंत्री ने अग्निवीर योजना को युवाओं में सेना के प्रति आकर्षण और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि एनसीसी के माध्यम से युवाओं को देशभक्ति, अनुशासन और सैन्य प्रशिक्षण के संस्कार मिलते हैं। एनसीसी में अर्जित अनुभव जीवनभर प्रेरणा देते हैं और युवाओं को देश की एकता व अखंडता के प्रति समर्पित रहने की सीख देते हैं।

यह भी पढ़ें- गौरवशाली अतीत, विकासशील वर्तमान और समृद्ध भविष्य की ओर बढ़ता मध्यप्रदेश

55 जिलों की मिट्टी से दिया एकता का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1956 में मध्य भारत की विभिन्न रियासतों और क्षेत्रों को मिलाकर मध्य प्रदेश का गठन हुआ था। स्थापना दिवस पर सेना दिवस के आयोजन की शुरुआत होने से प्रदेश का उत्साह और बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 55 जिलों की मिट्टी को संकल्प वृक्ष से जोड़ना इस बात का प्रतीक है कि अलग-अलग बोलियां, संस्कृतियां और परंपराएं होने के बावजूद मध्य प्रदेश एक है। यही भारत की सबसे बड़ी ताकत है, जहां विविधताओं के बीच एकता की भावना देश को जोड़कर रखती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।