विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP बोर्ड परीक्षा में बड़ा बदलाव: 10वीं-12वीं के प्रश्नपत्रों में घटेंगे विकल्प, जानें नया पैटर्न

Published: Sun, 18 Oct 2026 06:45 PM (IST)

मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों के पैटर्न ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. 2026-27 सत्र से 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा पैटर्न बदला।

  2. दो अंकों के प्रश्नों में आंतरिक विकल्प समाप्त किए गए।

  3. विद्यार्थियों को पूरे पाठ्यक्रम पर समान ध्यान देना होगा।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों के पैटर्न में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत विद्यार्थियों को अब कुछ प्रश्नों में अपनी पसंद के अनुसार सवाल चुनने की सुविधा नहीं मिलेगी। खासतौर पर दो अंकों के अति लघुउत्तरीय प्रश्नों में आंतरिक विकल्प समाप्त कर दिया गया है। इससे विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के दौरान पाठ्यक्रम के सभी महत्वपूर्ण अध्यायों पर समान रूप से ध्यान देना होगा।

बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होने वाली हैं। इनमें 18 लाख से अधिक विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में प्रश्नपत्रों के बदले हुए पैटर्न को समझना विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण होगा। अब किसी प्रश्न का उत्तर तैयार नहीं होने पर उसे छोड़कर दूसरा विकल्प चुनने की सुविधा दो अंकों वाले प्रश्नों में नहीं मिलेगी।

अब नहीं चलेगा विकल्प का सहारा

माशिम के नए निर्देशों के अनुसार, मुख्य विषयों के प्रश्नपत्रों में दो अंकों के अति लघुउत्तरीय प्रश्नों के लिए आंतरिक विकल्प नहीं दिए जाएंगे। पहले विद्यार्थी इन प्रश्नों में उपलब्ध विकल्पों में से अपनी तैयारी के मुताबिक सवाल चुन सकते थे, लेकिन अब प्रश्नपत्र में निर्धारित प्रश्नों को ही हल करना होगा।

हालांकि, तीन अंकों के लघुउत्तरीय और चार अंकों के दीर्घउत्तरीय प्रश्नों में पहले की तरह आंतरिक विकल्प उपलब्ध रहेंगे। यानी इन प्रश्नों में विद्यार्थियों को अपनी तैयारी और सुविधा के अनुसार उत्तर देने के लिए प्रश्न चुनने का अवसर मिलेगा।

एनएसक्यूएफ विषयों में मिलेगी विकल्प की सुविधा

जहां मुख्य विषयों के प्रश्नपत्रों में विकल्प कम किए गए हैं, वहीं राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा (एनएसक्यूएफ) के अंतर्गत आने वाले विषयों में विद्यार्थियों को अतिरिक्त सुविधा देने का निर्णय लिया गया है। इन विषयों के पांच अंकों के दीर्घउत्तरीय और सात अंकों के निबंधात्मक प्रश्नों में आंतरिक विकल्प दिए जाएंगे।

प्रश्नपत्रों के पैटर्न में किए गए ये बदलाव सत्र 2026-27 की बोर्ड परीक्षाओं से लागू होंगे। इसलिए विद्यार्थियों को अपनी तैयारी की रणनीति नए नियमों के अनुसार बनानी होगी।

यह भी पढ़ें- दशहरे पर MP में हजारों परिवारों का होगा गृह प्रवेश, पीएम आवास योजना से साकार होगा अपने घर का सपना

ब्लू प्रिंट और सैंपल पेपर का इंतजार

परीक्षाओं की तैयारी के बीच विद्यार्थियों को अब तक मंडल की ओर से नए सत्र का ब्लू प्रिंट और सैंपल पेपर जारी होने का इंतजार है। इनके जारी होने से विषयवार अंक-वितरण, प्रश्नों के प्रकार और प्रश्नपत्र की संरचना को समझने में मदद मिलेगी।

दूसरी ओर, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 10वीं और 12वीं के सैंपल पेपर जारी कर चुका है। ऐसे में मध्य प्रदेश बोर्ड के विद्यार्थी भी मॉडल प्रश्नपत्रों और ब्लू प्रिंट के जारी होने की राह देख रहे हैं, ताकि बदले हुए परीक्षा पैटर्न के अनुरूप अपनी तैयारी को अंतिम रूप दे सकें।