MP में 1 अप्रैल से बदल जाएंगे कई नियम, बिजली-प्रॉपर्टी होंगी महंगी, आम आदमी की जेब पर बढ़ेगा बोझ
1 अप्रैल से मध्य प्रदेश में कई नए नियम लागू हुए हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर सीधा असर ...और पढ़ें

प्रॉपर्टी व इलेक्ट्रिसिटी की दरों में इजाफा (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही आम लोगों की जेब पर असर डालने वाले कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। बिजली दरों में बढ़ोतरी, प्रॉपर्टी खरीद महंगी होना, कचरा प्रबंधन के सख्त नियम और रेलवे रिजर्वेशन प्रणाली में बदलाव जैसे फैसले सीधे लोगों के मासिक बजट को प्रभावित करेंगे।
सरकार का दावा है कि ये कदम व्यवस्था सुधार और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए उठाए गए हैं, लेकिन इसका सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग और शहरी आबादी पर देखने को मिलेगा।
बिजली बिल में बढ़ोतरी
विद्युत नियामक आयोग द्वारा प्रस्तावित नई दरों के अनुसार बिजली की कीमतों में औसतन 4.8% तक इजाफा हुआ है। इससे 200 यूनिट तक खपत करने वालों का बिल करीब 80 रुपये तक बढ़ सकता है। वहीं 400 यूनिट तक खपत करने वालों को 150 रुपये तक अतिरिक्त भुगतान करना पड़ सकता है। गर्मी के मौसम में बढ़ती खपत के बीच यह बढ़ोतरी उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डालेगी।
प्रॉपर्टी खरीदना और महंगा
1 अप्रैल से कलेक्टर गाइडलाइन में करीब 12% तक वृद्धि की गई है, जिससे जमीन और मकान खरीदने की लागत बढ़ेगी। इसके साथ-साथ प्रापर्टी के रजिस्ट्री शुल्क में भी बढ़ोतरी होगी। शहरी क्षेत्रों में इसका असर ज्यादा देखने को मिलेगा। अब घर खरीदना आम लोगों के लिए पहले से ज्यादा महंगा साबित हो सकता है।
कचरा अलग नहीं किया तो जुर्माना
नगर निगम ने कचरा प्रबंधन को लेकर सख्त नियम लागू किए हैं। अब गीला और सूखा कचरा अलग करना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने पर नगर निगम जुर्माना लगाएगा। घरों, होटलों और संस्थानों को अब कचरा पृथक्करण सुनिश्चित करना होगा।
रेलवे रिजर्वेशन में बदलाव
नवीन वित्तीय वर्ष से रेलवे ने अपने टिकट बुकिंग और रिफंड सिस्टम को और पारदर्शी बनाया है। वेटिंग टिकट और कन्फर्मेशन नियमों में सुधार किया गया है। इसके साथ-साथ टिकट कैंसलेशन और रिफंड प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
आयकर प्रणाली हुई सरल
नई आयकर व्यवस्था के तहत टैक्स भुगतान और रिटर्न फाइलिंग प्रक्रिया को आसान बनाया गया है। डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ने के साथ पारदर्शिता और समय की बचत भी होगी।
यह भी पढ़ें- MP में 46 नगर पालिका और 123 नगर परिषदों में 768 एल्डरमैन नियुक्त, इंदौर-भोपाल की सूची अटकी
आम आदमी के बजट पर असर
इन सभी बदलावों का सीधा असर लोगों के रोजमर्रा के खर्च पर पड़ेगा। जहां एक ओर खर्च बढ़ेंगे, वहीं कुछ क्षेत्रों में सुविधाएं बेहतर भी होंगी। ऐसे में आम नागरिकों को अपने बजट और खर्च की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है।
