MP में 46 नगर पालिका और 123 नगर परिषदों में 768 एल्डरमैन नियुक्त, इंदौर-भोपाल की सूची अटकी
राज्य सरकार ने मध्य प्रदेश की 46 नगर पालिकाओं और 123 नगर परिषदों में कुल 768 एल्डरमैन नियुक्त किए हैं। ...और पढ़ें

नगरीय प्रशासन विभाग मुख्यालय (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, भोपाल। राज्य सरकार ने प्रदेश के 413 नगरीय निकायों में से 46 नगर पालिकाओं में 276 और 123 नगर परिषदों में 492 एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) की नियुक्ति की है। रविवार को नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने कुल 768 एल्डरमैनों की नियुक्त का आदेश जारी किया है। हालांकि, इंदौर और भोपाल के निकायों की सूची होल्ड की गई है। यहां अलग-अलग राजनीतिक कारणों से सहमति नहीं बन पाई है।
वर्ष 2027 में नगरीय निकाय चुनाव होना है। ऐसे में इन नवनियुक्त एल्डरमैनों को काम करने के लिए डेढ़ साल से भी कम समय मिलेगा। नियुक्त किए गए एल्डरमैनों का अब पुलिस सत्यापन कराया जाएगा। इसके लिए कार्योत्तर अनुमोदन बाद में ले लिया जाएगा।
बता दें कि भाजपा ने एल्डरमैनों के नामों की सूची एक सप्ताह पहले ही भेजी थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सूची फाइनल कर दी थी। इस बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पहुंचे थे। इस दौरान प्रदेश में नगरीय निकाय स्तर पर एल्डरमैनों की नियुक्ति को लेकर भी दोनों के बीच चर्चा हुई। मुलाकात के दूसरे दिन रविवार को एल्डरमैनों की सूची जारी कर दी गई है।
विधायकों से भी मांगे थे नाम
मोहन सरकार बनने के बाद से ही भाजपा कार्यकर्ताओं को एल्डरमैनों की नियुक्त का इंतजार था। एल्डरमैनों की नियुक्ति के लिए पार्टी संगठन ने विधायकों से नाम मांगे थे। इनमें ऐसे नेताओं को प्राथमिकता दी गई जो नगरीय निकायों में प्रशासनिक और नगर पालिक व नगर पालिका अधिनियम के जानकार हैं।
मतदान का नहीं रहता है अधिकार
प्रदेश के नगरीय निकायों में प्रशासनिक और नगर पालिक व नगर पालिका अधिनियम के जानकारों को एल्डरमैन के रूप में नियुक्त करने का प्रावधान है। एल्डरमैन परिषद की बैठकों और चर्चाओं में भाग ले सकते हैं, लेकिन उनके पास परिषद में मत का अधिकार नहीं होता है। आमतौर पर क्षेत्र के सक्रिय पार्टी कार्यकर्ताओं को एल्डरमैन नियुक्त करने के लिए संगठन की ओर से नाम प्रस्तावित किए जाते हैं। परिषद के कार्यकाल तक इनका भी कार्यकाल रहता है।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त एल्डरमैनों को दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों के बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के नगरीय निकायों में नव-नियुक्त एल्डरमैन साथियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आप सभी को शहरों के समग्र विकास, सुशासन और जनभागीदारी को बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुझे विश्वास है कि ‘विकसित मध्य प्रदेश-विकसित भारत’ के संकल्प के साथ आप सभी अपनी ऊर्जा, अनुभव और समर्पण से अपने-अपने नगरों में प्रगति के नये आयाम जोड़ेंगे। नागरिकों की अपेक्षाओं पर शत प्रतिशत खरा उतरेंगे।
