MP में फिर होगा बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, दिसंबर में IAS अफसरों के प्रमोशन; जनवरी में कई जिलों के कलेक्टर बदलने की तैयारी
मध्य प्रदेश में दिसंबर के अंत में IAS अधिकारियों की पदोन्नति होगी, जिसके बाद जनवरी में कई जिलों के कलेक्टरों ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
दिसंबर अंत में IAS अधिकारियों की पदोन्नति होगी।
जनवरी में कई जिलों के कलेक्टर बदलेंगे।
युवा IAS अधिकारियों को मिल सकता है मौका।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश में प्रशासनिक बदलावों का एक और दौर आने वाला है। हाल ही में 11 जिलों के कलेक्टर बदले जाने के बाद अब राज्य सरकार दिसंबर के अंतिम सप्ताह में विभिन्न स्तरों के अधिकारियों की पदोन्नति की तैयारी कर रही है। प्रमोशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जनवरी में नई पदस्थापनाएं और तबादले किए जा सकते हैं। इससे प्रदेश के कई जिलों में कलेक्टरों के साथ मंत्रालय स्तर पर भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदलने की संभावना है।
उप सचिव से प्रमुख सचिव स्तर तक होंगे प्रमोशन
सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के अधिकारियों के अनुसार, उप सचिव से लेकर प्रमुख सचिव स्तर तक पदोन्नतियां प्रस्तावित हैं। इस प्रक्रिया में कुछ अधिकारी अपर सचिव, कुछ सचिव और कुछ प्रमुख सचिव के पद पर पदोन्नत हो सकते हैं।
प्रमोशन के इस दौर में ग्वालियर की कलेक्टर रुचिका चौहान का नाम भी शामिल है। पदोन्नति के बाद उन्हें सचिव पद पर जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो ग्वालियर में नए कलेक्टर की नियुक्ति करनी होगी।
कई जिलों में बदल सकते हैं कलेक्टर
पदोन्नति के बाद वरिष्ठ पदों पर भेजे जाने वाले अधिकारियों के स्थान पर नई नियुक्तियां की जाएंगी। ऐसे में ग्वालियर समेत उन जिलों में कलेक्टर बदले जा सकते हैं, जहां मौजूदा कलेक्टरों को पदोन्नति के बाद दूसरी जिम्मेदारी दी जाएगी।
इसके साथ ही मंत्रालय और अन्य विभागों में भी पदों के पुनर्विन्यास के चलते प्रशासनिक समीकरण बदल सकते हैं। हालांकि, अंतिम बदलाव पदोन्नति सूची और सरकार के आधिकारिक आदेश के बाद ही स्पष्ट होंगे।
यह भी पढ़ें- MP IAS Transfer: मध्यप्रदेश में 23 आईएएस अधिकारियों का ट्रांसफर, सुखबीर सिंह बने CM के प्रमुख सचिव; देखें पूरी लिस्ट
युवा IAS अधिकारियों को मिल सकता है मौका
प्रमोशन के बाद खाली होने वाले पदों को भरने के लिए युवा अधिकारियों को भी मौका दिए जाने की संभावना है। राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) संवर्ग में आए वर्ष 2017 बैच के एक-दो अधिकारियों को जिला कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
दिसंबर के अंतिम सप्ताह में पदोन्नति सूची जारी होने के बाद जनवरी में तबादला आदेश आने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में आने वाले महीनों में प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में कई अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
