यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 07, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
MP News: ग्रामीणों से दुर्व्यवहार करना एसडीएम को पड़ा भारी, मुख्यमंत्री के संज्ञान के बाद हुआ तबादला
मध्य प्रदेश में एसडीएम को ग्रामीणों से दुर्व्यवहार भारी पड़ गया।मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा घटना का संज्ञान ...और पढ़ें

पीटीआई, भोपाल। मध्य प्रदेश में एसडीएम को ग्रामीणों से दुर्व्यवहार भारी पड़ गया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा घटना का संज्ञान लेने के बाद रतलाम जिले में ग्रामीणों के एक समूह के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में एक अनुविभागीय मजिस्ट्रेट का तबादला कर दिया गया।
मंगलवार को कथित बहस का वीडियो सामने आने के बाद सीएम ने रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र में तैनात एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया। एसडीएम अनिल भाना ने ग्रामीणों के एक समूह के विरोध प्रदर्शन के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल से इनकार किया।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को एक्स हैंडल पर पोस्ट किया, "रतलाम जिले के जावरा एसडीएम द्वारा ग्रामीणों के साथ दुर्व्यवहार का कृत्य दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। मेरे निर्देश पर एसडीएम को जिला मुख्यालय पर अटैच कर दिया गया है।"
एसडीएम अनिल भाना ने किया किसानों से दुर्व्यवहार
यह घटना बदायला चौरासी इलाके में हुई जब किसानों के एक समूह ने मुआवजे में बढ़ोतरी और अंडरब्रिज के निर्माण की मांग को लेकर रेलवे लाइन दोहरीकरण का काम रोक दिया। वीडियो क्लिप में एसडीएम अनिल भाना और कुछ प्रदर्शनकारियों को उचित व्यवहार करने के लिए कहे जाने के बाद तीखी बहस करते हुए दिखाया गया है। हालांकि, भाना ने इस बात से इनकार किया कि उसने ग्रामीणों के साथ दुर्व्यवहार किया था। उन्होंने कहा, "रेलवे की एक टीम और गांव के सरपंच मेरे साथ थे। जब मैं उन्हें शांत करने की कोशिश कर रहा था तो कुछ किसानों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।"
