Madhya Pradesh: चलती ट्रेन में महिलाओं से छेड़छाड़, वीडियो बनाने से टोकने पर की मारपीट
Madhya Pradesh चलती ट्रेन में महिलाओं का पहले एक नशेड़ी ने वीडियो बनाया जब उसे उन्होंने टोका तो उसने उनसे छेड़छाड़ की और मारपीट पर उतर आया। उसने एक वृद्ध महिला के साथ मारपीट भी कर दी और उनके बाल खींचकर धक्का दे दिया।
ग्वालियर, जेएनएन। दिल्ली से ग्वालियर की ओर आ रही केरल एक्सप्रेस में महिलाओं से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। चलती ट्रेन में महिलाओं का पहले एक नशेड़ी ने वीडियो बनाया, जब उसे उन्होंने टोका तो उसने उनसे छेड़छाड़ की और मारपीट पर उतर आया। उसने एक वृद्ध महिला के साथ मारपीट भी कर दी और उनके बाल खींचकर धक्का दे दिया। यात्रियों ने नशेड़ी को पकड़ा, फिर उसे बाथरूम में बंद कर दिया। जीआरपी और आरपीएफ को भी सूचना दी गई। रात वीरवार 12 बजकर 10 मिनट पर ट्रेन ग्वालियर पहुंची और उसे ग्वालियर स्टेशन पर उतार लिया गया।
केरल एक्सप्रेस के एस-4 कोच में सफर कर रहे मुकेश दीवान ग्वालियर के रहने वाले हैं। वह दिल्ली से ग्वालियर आ रहे थे। इसी ट्रेन में नागपुर की महिलाओं का एक ग्रुप भी सफर कर रहा था। महिलाएं दिल्ली से सवार हुई थीं। कुछ महिलाएं एस-3 और कुछ महिलाएं एस-4 कोच में सवार थीं। बठिंडा का रहने वाला नरिंदर सिंह भी एस-4 कोच में सफर कर रहा था। वह बर्थ नंबर-15 पर बैठा हुआ था। उसके मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। मुकेश दीवान ने बताया कि जैसे ही ट्रेन दिल्ली से निकली तो नरिंदर इधर-उधर घूमने लगा।
पहले एक महिला का वीडियो बनाने लगा, जब महिला की नजर पड़ी तो उसने टोका। इस पर अभद्रता करने लगा। तभी दूसरी महिलाएं आईं तो उनके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी, एक महिला का दुपट्टा खींचा, फिर एक वृद्धा जब उसे पकड़ने आई तो उनके बाल खींचकर खिड़की में सिर दे मारा, जिससे उन्हें चोट लग गई। इसके बाद तो अन्य यात्री भी मदद के लिए आए। यात्रियों ने उसे पकड़ लिया। उसे पकड़कर बाथरूम में बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने इस संबंध में ट्रेन में कई यात्रियों से पूछताछ भी की। पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।