विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 08, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Murder In Balaghat: पत्नी ने तौलिया देने में देरी की तो पति ने फावड़े से किया वार, मौत

By Sachin Kumar MishraEdited By:
Published: Mon, 08 Nov 2021 06:32 PM (IST)Updated: Mon, 08 Nov 2021 09:30 PM (IST)

Murder In Balaghat मध्य प्रदेश में पति ने सिर्फ इसलिए पत्नी की हत्या कर दी क्योंकि स्नान करने के बाद ...और पढ़ें

मध्य प्रदेश में पत्नी ने तौलिया देने में देरी की तो पति ने मार डाला। फाइल फोटो
मध्य प्रदेश में पत्नी ने तौलिया देने में देरी की तो पति ने मार डाला। फाइल फोटो

बालाघाट, प्रेट्र। मध्य प्रदेश के बालाघाट में 50 वर्षीय एक व्यक्ति ने सिर्फ इसलिए सिर पर फावड़े से वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी, क्योंकि स्नान करने के बाद पत्नी ने उसे तौलिया देने में देरी कर दी। सोमवार को पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि जिस वक्त पति ने तौलिया मांगा, उस वक्त उसकी पत्नी बर्तन धो रही थी, इसलिए तौलिया देने में देरी हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार शाम बालाघाट जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव में हुई। किरनापुर थाने के निरीक्षक राजेंद्र कुमार बारिया ने बताया कि वन विभाग के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी राजकुमार बहे (50) ने अपनी पत्नी पुष्पा बाई (45) से स्नान करने के बाद तौलिया देने को कहा।

पत्नी के सिर पर फावड़े से किया वार

पत्नी ने पति से कुछ देर रुकने के लिए कहा, क्योंकि वह उस समय बर्तन धो रही थी। इससे उसका पति नाराज हो गया। इसके बाद पति ने अपनी पत्नी के सिर पर फावड़े से वार कर दिया। पुलिस ने कहा कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी 23 वर्षीय बेटी ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो उसने उसे भी मारा। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपित को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। इधर, इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। गौरतलब है कि इससे पहले भी इस तरह की कई वारदातें हो चुकी है। कुछ साल पहले पंजाब में फिरोजपुर जिले के अबोहर में खाना बनाने से मना करने पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को तेजधार दार हथियार से काट डाला था।