मध्य प्रदेश: मोहित गोगिया पर 10 करोड़ की ठगी का आरोप, EOW ने दाखिल की चार्जशीट
मध्य प्रदेश आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने मोहित गोगिया के खिलाफ भोपाल की विशेष कोर्ट में चार्जशीट पेश की है।

10 करोड़ की ठगी मामले में EOW ने पेश किया चालान।
HighLights
ईओडब्ल्यू ने मोहित गोगिया के खिलाफ भोपाल कोर्ट में चार्जशीट पेश की।
किशन मोदी से बैंक लोन सेटलमेंट के नाम पर 10 करोड़ की ठगी।
मोहित गोगिया पर दिल्ली, पंजाब सहित कई राज्यों में मामले दर्ज।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) रहे दीपम रायचुरा को एक करोड़ रुपये की रिश्वत देने के कथित बयान के बाद चर्चा में आए मोहित गोगिया के विरुद्ध मध्य प्रदेश आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने भोपाल की विशेष कोर्ट में चार्जशीट प्रस्तुत कर दी है।
मोहित पर भोपाल की डेरी उत्पाद बनाने वाली कंपनी गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के संचालक किशन मोदी से बैंक का लोन सेटल कराने के नाम पर 10 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है। भरोसा जीतने के लिए आरोपित ने फर्जी चैट दिखाकर कहा था कि एसबीआइ की जीएम कुंदन ज्योति से बातचीत हो रही है।
ईओडब्ल्यू की जांच में बैंक ने इसे नकार दिया है। मोहित पर दिल्ली, पंजाब, गोवा सहित कई राज्यों में ठगी के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। दिल्ली क्राइम ब्रांच टीम ने उसे पिछले वर्ष गिरफ्तार किया था। वह तिहाड़ जेल में बंद है।
किशन मोदी की शिकायत पर ईओडब्ल्यू ने अगस्त, 2025 में मोहित गोगिया, उसकी पत्नी श्वेता गोगिया और एमजी लीजिंग एंड फाइनेंस के विरुद्ध धोखाधड़ी, कूटरचना और आइटी एक्ट की धाराओं में एफआइआर दर्ज की थी।
बता दें, इंटरनेट मीडिया में बहुप्रसारित गोगिया के कथित बयान में भोपाल में दो शराब दुकानें लेने के लिए एक करोड़ रुपये रिश्वत देने और दुकानों के लिए पौने तीन करोड़ रुपये की फर्जी ई-एफडीआर स्वीकार कराने में दीपम रायचुरा द्वारा सहयोग किए जाने की बात सामने आई थी। विभाग की जांच में एफडीआर फर्जी होने की पुष्टि भी हो चुकी है।