विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मध्य प्रदेश: शाजापुर में कब्रिस्तान की जमीन को लेकर बवाल, फायरिंग और पथराव में 26 लोग घायल; 39 पर FIR दर्ज

Published: Sun, 08 Nov 2026 02:40 PM (IST)

मध्य प्रदेश के शुजालपुर में कब्रिस्तान की जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जिसमें पथराव, फायरिंग और ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. शुजालपुर में कब्रिस्तान की जमीन पर दो पक्षों में विवाद।

  2. पथराव, फायरिंग और मारपीट में 26 लोग हुए घायल।

  3. 39 लोगों के खिलाफ एफआईआर, गांव में पुलिस बल तैनात।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के शुजालपुर से करीब 12 किलोमीटर दूर टपका बसंतपुर गांव में रविवार सुबह कब्रिस्तान की जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच पथराव और फायरिंग के बाद मारपीट तथा तोड़फोड़ हुई। घटना में 26 लोग घायल हुए हैं।

इनमें महिलाएं और 90 वर्षीय बुजुर्ग भी शामिल हैं। एक पक्ष के 11 और दूसरे पक्ष के 15 लोग घायल हुए। गांव में पुलिस बल तैनात है। दोनों पक्षों की शिकायत पर कुल 39 लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है।

दुआ पढ़ने से रोकने पर मारपीट

पहले पक्ष के फरियादी इलियास अली (37) ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह करीब 8:30 बजे वे अपने पिता की कब्र पर दुआ पढ़ने कब्रिस्तान गए थे। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें रोककर पूछा कि वे वहां क्यों आए हैं। इसके बाद गाली-गलौज हुई।

इलियास के मुताबिक, उन्होंने अपने भाई इफराक अली को बुलाया, जिसके बाद बिन्यामिन और दिलशाद ने उन पर लाठियों से हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के लोगों के साथ भी मारपीट की गई। एफआइआर में लाठी, डंडे, फरसा, तलवार और लोहे की रॉड से हमले, दो मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं।

घर में घुसकर हथियारों से हमला और तोड़फोड़ का आरोप

दूसरे पक्ष के फरियादी रिजवान (32) ने आरोप लगाया कि इलियास, इफराक और उनके साथ आए लोग हथियार लेकर उनके घर में घुसे। उनके मुताबिक, उन पर तलवार से हमला हुआ और उनके पिता शाहबुद्दीन सहित परिवार के अन्य लोगों को फरसा, लाठी और पत्थरों से पीटा गया।

शिकायत में घर के सामान, दरवाजे, ट्रैक्टर और दो मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ का आरोप है। रिजवान ने यह भी कहा कि उनकी बहू सिमरन का मंगलसूत्र तोड़ा गया और कब्रिस्तान आने पर दोबारा हमले की धमकी दी गई।

दोनों पक्षों के 26 लोग घायल

पहले पक्ष के घायलों में बोदर खां, इलियास अली, इफराक अली, कल्लू खां, सलीम खां, सलामुद्दीन, इमरान, नवाब खां, मुबारिक, आरिफ और इरशाद खां हैं। दूसरे पक्ष के घायलों में शाहबुद्दीन, रिजवान, फखरुद्दीन, अलाउद्दीन, बिन्यामिन, नईमुद्दीन, दिलशाद, साजिद, भूरी बी, रिहाना बी, सिमरन, यूनुस, उस्मान, शोएब और 90 वर्षीय शमशाद शामिल हैं।

गांव में करीब 1.75 बीघा जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद बताया जा रहा है। एक पक्ष ने जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि जमीन से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ी की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।