विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल में वकील से थाने में मारपीट, भड़के अधिवक्ताओं ने घेरा थाना; हंगामे के बाद जहांगीराबाद TI सस्पेंड

Published: Wed, 23 Sep 2026 02:41 PM (IST)

भोपाल में गणेश विसर्जन के दौरान विवाद के बाद जहांगीराबाद थाने में एक वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ मारपीट की गई। ...और पढ़ें

HighLights

  1. पुलिस ने एक वरिष्ठ अधिवक्ता से थाने में की कथित मारपीट।

  2. घटना से आक्रोशित वकीलों ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया।

  3. मामला तूल पकड़ता देख पुलिस प्रशासन ने टीआई को निलंबित किया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाने में वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ मारपीट का मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की है। मामले में जहांगीराबाद थाना प्रभारी (TI) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है।

मामला मंगलवार रात का है। बैरागढ़ कलां निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश रावल, जो करीब 21 वर्षों से वकालत कर रहे हैं, के साथ थाना परिसर में मारपीट का आरोप लगाया गया है। घटना के सामने आने के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता जहांगीराबाद थाने पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

गणेश विसर्जन के दौरान ट्रैफिक को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात डोल ग्यारस के मौके पर खटलापुरा क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अधिवक्ता राकेश रावल और ट्रैफिक एसीपी के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें जहांगीराबाद थाने लेकर पहुंचे।

आरोप है कि थाने में TI और अन्य पुलिसकर्मियों ने अधिवक्ता के साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलते ही मामला तेजी से फैल गया और बड़ी संख्या में वकील थाने पहुंच गए।

वकीलों ने थाने में किया प्रदर्शन

अधिवक्ता के साथ मारपीट की सूचना के बाद वकीलों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में अधिवक्ता जहांगीराबाद थाने पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बढ़ते तनाव को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति संभालने का प्रयास किया।

यह भी पढ़ें- ChatGPT पर सरकारी फाइल अपलोड की तो फंसेंगे पुलिसकर्मी, वर्दी वाली Reel पर भी रोक, MP पुलिस मुख्यालय ने जारी की गाइडलाइन

पहले जांच का आश्वासन, फिर TI पर गिरी गाज

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ACP) शैलेंद्र सिंह ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया था। हालांकि, अधिवक्ताओं के विरोध और मामले को लेकर बढ़ते विवाद के बीच पुलिस प्रशासन ने जहांगीराबाद थाना प्रभारी को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।

फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई और कथित मारपीट के आरोपों की जांच को लेकर आगे की स्थिति पर नजर बनी हुई है।