विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मध्यप्रदेश में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की दहशत, कारोबारियों से मांगी करोड़ों की रंगदारी

Published: Sun, 22 Mar 2026 04:10 PM (IST)

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर संगठित अपराध बढ़ रहा है। भोपाल, इंदौर समेत कई शहरों में कारोबारियों से 'हैरी ...और पढ़ें

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (फाइल फोटो)

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, भोपाल। शांति के लिए पहचाने जाने वाले मध्यप्रदेश में अब अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध की आहट साफ सुनाई दे रही है। पिछले एक महीने में भोपाल, इंदौर, अशोकनगर और खरगोन समेत कई शहरों में कारोबारियों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर करोड़ों की रंगदारी मांगी जा रही है।

इन मामलों में बदमाश खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा “हैरी बॉक्सर” बताकर 10 से 15 करोड़ रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी दी जा रही है, जिससे व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल है।

धमकी के बाद फायरिंग और पेट्रोल बम

खरगोन में धमकी के बाद बदमाशों ने एक कारोबारी के घर के बाहर गोलियां चलाईं, जबकि अशोकनगर में पेट्रोल बम फेंकने की कोशिश की गई। इन घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि गिरोह केवल धमकी तक सीमित नहीं है, बल्कि दहशत फैलाने के लिए हिंसा का सहारा भी ले रहा है।

विदेशी नंबर और वाट्सएप कॉल से खेल

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अमेरिकी VPN नंबर और वाट्सएप इंटरनेट कॉलिंग का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करना बेहद मुश्किल हो रहा है। अशोकनगर केस में वॉइस नोट के जरिए धमकी दी गई थी।

सुरक्षा बढ़ी, लेकिन डर कायम

अशोकनगर में शिकायत करने वाले कारोबारी अंकित अग्रवाल को पुलिस सुरक्षा दी गई है, जबकि दो अन्य कारोबारियों की सुरक्षा सादे कपड़ों में बढ़ाई गई है। वहीं भोपाल में धमकी झेल रहे कारोबारी को अभी तक सुरक्षा नहीं मिलने से सवाल उठ रहे हैं।

सोशल मीडिया से भर्ती कर रहा गिरोह

अशोकनगर पुलिस ने जयपुर के 19 वर्षीय युवक को पेट्रोल बम के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह सोशल मीडिया पर गैंग से प्रभावित होकर जुड़ा था। चैटिंग के दौरान गिरोह की तरफ से पैसे कमाने का प्रस्ताव आया और उसे अशोकनगर का टारगेट देकर वहां भेज दिया गया। उसके खाते में एक लाख रुपये बीकानेर, गोवा और जयपुर के अलग-अलग लोगों ने जमा कराए थे। पुलिस ने बीकानेर से एक कियोस्क संचालक को गिरफ्तार किया है। वहीं गोवा से जिस प्रदीप शुक्ला ने पैसे भेजे थे, उसकी पहचान कर ली है।

प्रदेश में हुईं हालिया वारदातें

अशोकनगर (12 फरवरी) : कारोबारी अंकित अग्रवाल से वॉयस नोट के जरिए 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई। तीन-चार मार्च को पुलिस ने कारोबारी के घर के पास से गैंग के गुर्गे मनीष पिता कैलाश जांगिड को गिरफ्तार किया था, जो जयपुर का रहने वाला है।
महू (13 फरवरी) : अस्पताल संचालक को 5 करोड़ की धमकी दी गई। परिवार में दहशत फैल गई। पुलिस ने केस दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की है।
इंदौर (19 मार्च): रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन से 15 करोड़ की रंगदारी मांगी गई। कई बार कॉल और वॉइस मैसेज भेजकर दबाव बनाया गया। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई, लेकिन आरोपित अब भी पकड़ से बाहर है।
खरगोन (19 मार्च) : भीलगांव के कपास कारोबारी दिलीप राठौर के घर के बाहर फायरिंग की। उसके बाद उसका वीडियो भेजकर, वॉयस नोट के जरिए 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई।
भोपाल (20 मार्च) : ज्वैलर गौरव जैन से 10 करोड़ की मांग की गई। "हैरी बॉक्सर" बनकर दो बार व्हाट्सएप कॉल किए गए। रकम न देने पर "बाबा सिद्दीकी जैसा हाल" करने की धमकी दी गई। वीपीएन नंबर के चलते पुलिस को लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत आई।

अमेरिका से गैंग चला रहा हैरी बॉक्सर

भोपाल पुलिस के डीसीपी मयूर खंडेलवाल का कहना है कि उन्हें हैरी बाक्सर के बारे में कुछ नहीं पता। उनकी जांच अभी उस नंबर की तस्दीक पर केंद्रित है, जिससे कारोबारी को फोन आया था। हालांकि अशोकनगर और दूसरे पुलिस स्रोतों का कहना है कि हैरी बॉक्सर उर्फ हरिश्चंद्र अमेरिका से यह गैंग चला रहा है। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सहयोगी के तौर पर उभरा है। उसके लिए लुकआउट सर्कुलर जारी है।

यह भी पढ़ें- '10 करोड़ दो, वरना बाबा सिद्दीकी जैसा करूंगा हाल..' लॉरेंस बिश्नोई के नाम से भोपाल के सराफा कारोबारी को जान से मारने की धमकी

भोपाल में कारोबारी को जिस नंबर से वाट्सएप कॉल आई है, वो अमेरिकी नंबर दिख रहा है। संभव है कि वीपीएन नंबर हो। पुलिस उसकी जांच में जुटी है।
-मयूर खंडेलवाल, डीसीपी, जोन-4 भोपाल