Madhya Pradesh: कलम नाथ बोले-प्रधानमंत्री कोई भी हो, उनकी सुरक्षा महत्वपूर्ण; इस पर न हो राजनीति
Madhya Pradesh कमल नाथ ने कहा कि देश का प्रधानमंत्री कोई भी हो उनकी सुरक्षा महत्वपूर्ण है। चाहे वे नरेन्द्र मोदी हों या फिर राजीव गांधी होते। पूरा विश्व हमारी ओर देख रहा है कि ऐसा देश जो अपने प्रधानमंत्री की सुरक्षा नहीं कर सकता।
भोपाल, जेएनएन। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा कि देश का प्रधानमंत्री कोई भी हो, उनकी सुरक्षा महत्वपूर्ण है। चाहे वे नरेन्द्र मोदी हों या फिर राजीव गांधी होते। पूरा विश्व हमारी ओर देख रहा है कि ऐसा देश जो अपने प्रधानमंत्री की सुरक्षा नहीं कर सकता। सुरक्षा संबंधी चूक की जांच केंद्रीय गृह मंत्रालय और राज्य सरकार द्वारा करवाई जा रही है। उसमें सब सामने आ जाएगा। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। गुरुवार को भोपाल में मीडिया से कलम नाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) करता है और अंतिम फैसला भी उसका ही होता है। इसमें राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का भी हस्तक्षेप नहीं होता है। उन्हें एसपीजी का निर्णय मानना होता है। इस मौके पर कमल नाथ ने कहा कि यह देखना होगा कि कितने समय पहले रास्ता बदला गया। एसपीजी ने ऐसा फैसला क्यों लिया और क्या वैकल्पिक व्यवस्था संभव थी? अब भाजपा को हर बात के लिए कांग्रेस ही जिम्मेदार दिखाई देती है तो यह ठीक नहीं है।
प्रधानमंत्री के साथ कांग्रेस ने किया आपराधिक षड्यंत्र : शिवराज
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ देश की जनता का आशीर्वाद है। भगवान का धन्यवाद कि उनका जीवन सुरक्षित है वर्ना कांग्रेस, पंजाब सरकार और गांधी परिवार ने तो कोई कसर नहीं छोड़ी थी। ये प्रधानमंत्री की जिंदगी से नहीं बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ और आपराधिक षड्यंत्र है। यह बात मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कही। उन्होंने कहा कि देश की जनता इसके लिए कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी।
तो फिर तमिलों और सिखों का गुस्सा सही था: हितेश वाजपेयी
कांग्रेस के नेताओं द्वारा किसानों का गुस्सा करार देने पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता डा.हितेश वाजपेयी ने कहा कि तो फिर तमिलों में गुस्सा ठीक था जो उन्होंने राजीव गांधी को मारा? तो फिर सिखों में गुस्सा ठीक था जो उन्होंने इंदिरा गांधी को मारा?