जबलपुर, जेएनएन। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने गुरुवार को जबलपुर में नगरीय निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो के साथ जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने फिर कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पास कोई विजन नहीं है, वे टेलीविजन के सहारे विकास करना चाहते हैं।
शिवराज के पास कोई विजन नहीं
चुनाव में निष्किय कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान करते उन्होंने कहा कि जो लोग प्रचार के लिए बाहर नहीं निकलेंगे, उनके लिए माना जाएगा कि वे विरोध कर रहे हैं। कमल नाथ ने कहा कि शिवराज प्रदेश को सिंगापुर बनाने का दावा करते रहे, लेकिन उनके पास खोखले अभिनय के अलावा कोई विजन नहीं रहा। हाल ही में आए ओवैसी ने कमल नाथ सरकार पर हमला बोला था और कहा था कि कांग्रेस अब नहीं आने वाली। इस मामले में कमल नाथ ने कहा कि यह सबको पता है कि ओवैसी के कुछ भी कहने या करने से फायदा किसको होता है।
कांग्रेस के विधायकों ने नगर निगम चुनाव में संभाला मोर्चा
प्रदेश में हो रहे नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस के विधायक समन्वयक की भूमिका में आ गए हैं। भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, रतलाम सहित अन्य नगरीय क्षेत्रों में विधायकों ने मोर्चा संभाल लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने विधायकों से कहा है कि वे अब अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें। जो नेता या कार्यकर्ता अब तक प्रचार के लिए सक्रिय नहीं हुए हैं, उनसे समन्वय बनाएं और पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने विधायक और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट के दावेदारों को निकाय चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए टीम बनाकर काम करने के निर्देश दिए हैं।
इंदौर, उज्जैन और सतना में महापौर प्रत्याशी विधायकों को ही बनाया गया है। जबलपुर में स्थानीय विधायकों की सहमति से जगत प्रताप सिंह अन्नू को महापौर प्रत्याशी बनाया गया है। यहां तरण भनोत, लखन घनघोरिया और विनय सक्सेना ने चुनाव का मोर्चा संभाला है। वहीं, भोपाल में पीसी शर्मा और आरिफ मसूद सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। भोपाल उत्तर से विधायक आरिफ अकील अस्वस्थ होने के कारण स्वयं तो सक्रिय नहीं हैं, पर उनके भाई और बेटे महापौर प्रत्याशी विभा पटेल के पक्ष में जुटे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी अलग-अलग वार्ड में कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। ग्वालियर में विधायक सतीश सिकरवार की पत्नी शोभा सिकरवार को पार्टी ने महापौर प्रत्याशी बनाया है। उनकी टीम के साथ-साथ विधायक प्रवीण पाठक, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अशोक सहित अन्य नेता सक्रिय हैं। रतलाम में विधायक कांतिलाल भूरिया, हषर्ष विजय गहलोत, प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष डा.विक्रांत भूरिया काम कर रहे हैं। उज्जैन और इंदौर में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, डा.विजय लक्ष्मी साधौ, जीतू पटवारी सहित अन्य मोर्चा संभाले हुए हैं।
a