विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP: इंदौर की उपेक्षा से जुड़े मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के कथित पत्र से बढ़ी हलचल, कांग्रेस नेताओं ने जताई सहानुभूति

Published: Wed, 01 Jul 2026 09:19 PM (GMT+05:30)

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा मुख्यमंत्री को लिखे गए कथित पत्र ने राजनीति में हलचल मचा दी है, जिसमें इंदौर की उपेक्षा के कई मुद्दे उठाए गए हैं। विजयवर्गीय ने पत्र से अनभिज्ञता जताई, जबकि कांग्रेस नेताओं ने सहानुभूति दिखाते हुए तंज कसे।

कैलाश विजयवर्गीय (फाइल फोटो)

कैलाश विजयवर्गीय (फाइल फोटो)

HighLights

  1. मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के कथित पत्र से राजनीति में हलचल।

  2. पत्र में इंदौर की उपेक्षा के कई गंभीर मुद्दे उठाए गए।

  3. कांग्रेस ने सहानुभूति जताई, विजयवर्गीय ने अनभिज्ञता व्यक्त की।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा इंदौर शहर से जुड़े मुद्दों की उपेक्षा से संबंधित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लिखे गए कथित पत्र ने बुधवार को प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज कर दी। भाजपा नेताओं की तो कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने जरूर सहानुभूति दिखाकर तंज कसना शुरू कर दिया।

विजयवर्गीय ने जताई अनभिज्ञता

हालांकि कथित पत्र की चर्चा सार्वजनिक होने के बाद कैलाश विजयवर्गीय ने सिर्फ इतना कहा कि उन्हें इस पत्र के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने पत्र लिखे जाने को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

कथित पत्र में इंदौर की उपेक्षा का आरोप

कथित पत्र में मास्टर प्लान में देरी, मेट्रोपालिटन सिटी योजना में इंदौर का नाम पीछे किए जाने, एयरपोर्ट विस्तार के लिए जमीन उपलब्ध नहीं कराने, राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के विभाजन में इंदौर की अनदेखी, औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में सुविधाओं के अभाव और सिंहस्थ के कार्यों में इंदौर को शामिल नहीं किए जाने सहित कई मुद्दे उठाए जाने की बात है।

पत्र में कथित तौर पर कैलाश विजयवर्गीय ने यह भी लिखा है कि उन्हें ढाई वर्ष से सिर्फ असहयोग, उपेक्षा और विरोध ही मिला है और वह उपेक्षा से आहत हैं। यदि इन विषयों का समाधान नहीं हुआ तो इंदौर की जनता की आवाज को सार्वजनिक मंच पर उठाना उनकी विवशता होगी।

कांग्रेस नेताओं ने जताई सहानुभूति

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इंटरनेट मीडिया पर कैलाश विजयवर्गीय का समर्थन करते हुए लिखा कि मैं आपका दर्द और पीड़ा समझ रहा हूं। समय का फेर है। मेरी सहानुभूति आपके साथ है। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने तो कैलाश विजयवर्गीय को इस्तीफा देने की सलाह दे दी।

यह भी पढ़ें- दिग्विजय के खिलाफ कांग्रेस में मुखर होने लगे सुर, प्रदेश महासचिव निधि चतुर्वेदी ने साधा निशाना; बोलीं- 'पुत्रमोह में भूले पार्टी अनुशासन'

संवाद कार्यक्रम की तैयारी

इस बीच सांसद शंकर लालवानी ने इंदौर के विकास को लेकर तीन जुलाई को 'मप्र की उम्मीदों का शहर इंदौर' विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। राजनीतिक हलकों में इसे मुख्यमंत्री को लिखे गए पत्र में उठाए गए मुद्दों के जवाब के रूप में देखा जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।