'कहां हैं कलेक्टर...बुलाओ जल्दी', गुना में फिर दिखा सिंधिया का सख्त अंदाज; अफसर से बोले- गाड़ी में नहीं, जनता के बीच रहिए
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना दौरे के दौरान अधिकारियों को जनता के बीच रहने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने ...और पढ़ें

कलेक्टर व एसपी को हिदायत देते केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
सिंधिया ने गुना दौरे पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर और एसपी को जनता के बीच रहने को कहा।
बाइक दुर्घटना मामले में निष्पक्ष जांच के आदेश दिए।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। केंद्रीय मंत्री और गुना से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के गुना दौरे में एक बार फिर उनका सख्त अंदाज देखने को मिला। बमोरी क्षेत्र में लोगों की समस्याएं सुनने के दौरान एक पीड़ित परिवार की शिकायत पर जब सिंधिया ने कलेक्टर से बात करनी चाही तो वे मौके पर मौजूद नहीं थे। यह देखकर सिंधिया नाराज हो गए। उन्होंने भीड़ के बीच ही तेज आवाज में पूछा- 'कलेक्टर कहां हैं... जल्दी बुलाओ?'
सिंधिया के सवाल के तुरंत बाद कलेक्टर अपनी गाड़ी से उतरकर उनके सामने पहुंचे। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने कलेक्टर और मौके पर मौजूद एसपी को भी सख्त लहजे में निर्देश दिए। उन्होंने कहा, 'आप गाड़ी में मत बैठिए दोनों, मेरी ड्यूटी पर रहिए। गाड़ी में से नहीं बुलाना है आपको, समझ गए आप दोनों।'
बाइक हादसे से जुड़े मामले में दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश
दरअसल, सिंधिया बमोरी क्षेत्र में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान मोहन बरेला के भाई से जुड़ा बाइक दुर्घटना का मामला उनके सामने आया। शिकायत सुनने के बाद सिंधिया ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी और कलेक्टर को बुलाया और मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस अधिकारी से दुर्घटना में शामिल दूसरे पक्ष से भी सख्ती से पूछताछ करने को कहा, ताकि मामले की पूरी जानकारी सामने आ सके। इसके अलावा एक चैरिटेबल संस्था के काम और उसके आवेदन से जुड़े मामले में भी सिंधिया ने कलेक्टर को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- फर्जी जाति प्रमाण पत्र मामले में रिटायर्ड IPS अधिकारी रघुवीर सिंह मीणा पर FIR दर्ज, ST आरक्षण का लाभ लेने का आरोप
'जनता के बीच रहकर ड्यूटी करें अधिकारी'
मौके पर अधिकारियों को गाड़ियों में बैठने के बजाय जनता के बीच मौजूद रहने की सिंधिया की हिदायत अब चर्चा में है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी तेजी से प्रसारित हो रहा है।
वीडियो को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग सिंधिया की अधिकारियों को दी गई फटकार को जनसमस्याओं के प्रति जवाबदेही से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ लोगों ने सार्वजनिक रूप से कलेक्टर और एसपी से इस अंदाज में बात करने को गलत बताया है।
