विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ सुनकर चढ़ा सिंधिया का पारा, बोले- ‘मुझसे ऐसी भाषा में बात मत करना’; कांग्रेस बोली- 'सत्ता का अहंकार...'

Published: Sat, 19 Sep 2026 09:29 PM (IST)

गुना में सड़क निर्माण की मांग पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का 'रोड नहीं तो वोट नहीं' कहने वाले व्यक्ति ...और पढ़ें

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सड़क की गुहार लगा रहे व्यक्ति को डपटते हुए। (वीडियो ग्रैब)

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सड़क की गुहार लगा रहे व्यक्ति को डपटते हुए। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. गुना में सिंधिया का काफिला रोककर सड़क की मांग की गई।

  2. 'रोड नहीं तो वोट नहीं' सुनकर सिंधिया हुए नाराज।

  3. बाद में गुना सड़क के लिए 3 करोड़ रुपये स्वीकृत किए।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के गुना में सड़क निर्माण की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और स्थानीय रहवासियों के बीच हुई बातचीत का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक स्थानीय व्यक्ति सड़क समय पर नहीं बनने पर आगामी चुनाव में वोट नहीं देने की बात कहता सुनाई दे रहा है।

यह सुनकर सिंधिया भड़क गए और उन्होंने कहा कि मेरे सामने इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कभी मत करना, समझ गए। जब उस शख्स ने अपनी बात पर सफाई देनी चाही तो सिंधिया उसे बीच में ही टोकते हुए बोले- ' मैं सबकी बात कर रहा हूं। आप आके मेरे पास निवेदन करो, मेरी जिम्मेदारी है कि काम हो। ओके!'

सड़क की मांग को लेकर रोका काफिला

जानकारी के अनुसार, गुना दौरे के दौरान सिंधिया का काफिला स्थानीय लोगों ने रोक लिया। रहवासियों ने लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण और जर्जर मार्ग की समस्या उनके सामने रखी। लोगों का कहना था कि सड़क की हालत खराब होने के कारण क्षेत्रवासियों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इसी दौरान एक व्यक्ति ने कहा कि सड़क इस बार समय पर बन जाए तो अच्छा है, वरना चुनाव के समय लोग वोट नहीं देंगे। इस पर सिंधिया ने जवाब दिया, “मेरे सामने इस भाषा का इस्तेमाल कभी मत करना। आप आकर निवेदन कीजिए, काम करवाना मेरी जिम्मेदारी है।”

कांग्रेस ने कसा तंज

कांग्रेस ने इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर शेयर किया और लिखा- 'सत्ता का अहंकार देख लीजिए। जनता ने सड़क क्या मांग ली, 'राजा जी' भड़क गए। कहने लगे - मेरे सामने ऐसी भाषा का प्रयोग ना करना, मुझसे निवेदन करो। जनता इनके अहंकार को जल्द ठिकाने लगाएगी।'

यह भी पढ़ें- 'कहां हैं कलेक्टर...बुलाओ जल्दी', गुना में फिर दिखा सिंधिया का सख्त अंदाज; अफसर से बोले- गाड़ी में नहीं, जनता के बीच रहिए

बाद में सड़क के लिए तीन करोड़ की घोषणा

घटना के बाद सड़क निर्माण का मुद्दा और तेज हो गया। जानकारी के मुताबिक, सिंधिया ने बाद में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में सड़क निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये स्वीकृत किए। यह राशि गुना विधायक पन्नालाल शाक्य की विधायक निधि से दिए जाने की बात सामने आई है।

सिंधिया ने जिला कलेक्टर को मानसून समाप्त होने के बाद सड़क निर्माण का काम शुरू कराने के निर्देश भी दिए। हालांकि, सड़क निर्माण की विस्तृत समयसीमा और कार्य की वर्तमान स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।