विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न्यायमूर्ति अल्पेश कोगजे बने MP हाई कोर्ट के 30वें चीफ जस्टिस, राज्यपाल ने दिलाई शपथ; सीएम मोहन रहे मौजूद

Published: Thu, 10 Sep 2026 04:54 PM (IST)

न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के 30वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। राज्यपाल मंगुभाई ...और पढ़ें

HighLights

  1. न्यायमूर्ति अल्पेश कोगजे ने 30वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।

  2. राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भोपाल में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

  3. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट को गुरुवार को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया। न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने लोकभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित समारोह में उन्हें शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के 30वें मुख्य न्यायाधीश बने हैं। शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें पुष्प-गुच्छ भेंट कर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मुख्य सचिव ने पढ़ी नियुक्ति की अधिसूचना

शपथ ग्रहण समारोह का संचालन मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने किया। उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जाने संबंधी अधिसूचना का वाचन किया। समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन से हुई, जबकि समापन राष्ट्रगान जन-गण-मन के साथ हुआ।

न्यायिक और प्रशासनिक जगत की प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद

शपथ ग्रहण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल, कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल तथा भोपाल महापौर मालती राय सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

इसके अलावा मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह, पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी और मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति जीएस अहलूवालिया, सुबोध अभ्यंकर, संदीप एन. भट्ट, विनय सराफ और रमेश फड़के सहित अन्य न्यायिक अधिकारी भी समारोह में उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- भोपाल में तेज रफ्तार SUV का कवर्ड कैंपस में तांडव, आठ कारों को मारी टक्कर, गेट तोड़कर भागा

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल धरमिंदर सिंह, अपर मुख्य सचिव डॉ. शिवशेखर शुक्ला एवं संजय शुक्ला, राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी और पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

समारोह में मध्य प्रदेश के साथ गुजरात और उत्तर प्रदेश हाई कोर्ट के न्यायमूर्तिगण, सांसद, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और विभिन्न आयोगों के पदाधिकारी भी शामिल हुए।