विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल में तेज रफ्तार SUV का कवर्ड कैंपस में तांडव, आठ कारों को मारी टक्कर, गेट तोड़कर भागा

Published: Wed, 09 Sep 2026 06:26 PM (IST)

भोपाल की फॉच्र्यून सौम्या हेरिटेज कॉलोनी में एक तेज रफ्तार एसयूवी चालक ने आठ वाहनों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर ...और पढ़ें

HighLights

  1. भोपाल की कॉलोनी में तेज रफ्तार एसयूवी का उत्पात।

  2. एसयूवी ने आठ वाहनों को टक्कर मारी, गेट भी तोड़ा।

  3. चालक फरार, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से पहचान की।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। शहर के मिसरोद थाना क्षेत्र की फॉच्र्यून सौम्या हेरिटेज कॉलोनी में मंगलवार रात करीब नौ बजे तेज रफ्तार एसयूवी चालक ने जमकर उत्पात मचाया। एसयूवी ने एक के बाद एक करीब आठ वाहनों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद रहवासियों ने कॉलोनी का गेट बंद किया तो चालक गेट को भी तोड़ते हुए वाहन लेकर फरार हो गया। गनीमत रही कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। रहवासी कमल सिंह की शिकायत पर मिसरोद पुलिस ने केस दर्ज किया है।

दोस्त से मिलने पहुंचा था एसयूपी चालक

मिसरोद पुलिस के अनुसार एसयूवी चालक कॉलोनी में रहने वाले अपने दोस्त से मिलने आया था और पहले भी यहां आता-जाता रहा है। कॉलोनी में पहुंचते ही उसने पार्किंग में खड़ी एक कार को टक्कर मार दी। कार मालिक ने विरोध किया तो चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी तेज गति से दौड़ा दी। इसके बाद सड़क किनारे खड़ी अन्य कारों को भी टक्कर मारता चला गया।

कॉलोनी में मची अफरा-तफरी

कार के इस तांडव से रहवासियों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने उसे रोकना चाहा तो वह तेज रफ्तार में कई वाहनों को चपेट में लेते हुए आगे बढ़ा, जिससे कई कारों को टक्कर लगी। वहीं जब चालक को रोकने के लिए कॉलोनी का गेट बंद कर दिया तो उसने तेज रफ्तार में गेट को टक्कर मारकर तोड़ दिया और फरार हो गया।

यह भी पढ़ें- बिना जांच जहरीली शराब बताकर ‘सागर गोल्ड’ पर लगाया बैन, जबलपुर के सहायक आबकारी आयुक्त को नोटिस


घटना सीसीटीवी में कैद

घटना की सूचना पर मिसरोद पुलिस मौके पर पहुंची। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है। पुलिस एसयूवी के नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर उसके पते तक पहुंच गई है। हालांकि अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।