विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

518 नदियों के किनारे कचरे के 31250 हॉटस्पॉट, मध्य प्रदेश की 26 नदियों का ब्योरा नहीं

Published: Mon, 23 Nov 2026 05:37 AM (GMT+05:30)

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित समिति की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि देश की 518 नदियों के किनारे 31250 कचरा हॉटस्पॉट हैं, जो जलस्रोतों को प्रदूषित कर रहे हैं। 

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)

HighLights

  1. देशभर में 518 नदियों पर 31,250 कचरा हॉटस्पॉट चिह्नित।

  2. रिपोर्टिंग अवधि में 21,324 टन ठोस कचरा हटाया गया।

  3. मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश से नदी प्रदूषण के अधूरे आंकड़े।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। देश के विभिन्न राज्यों में नदी-नालों के किनारे बिखरा पड़ा कचरा जलस्रोतों को प्रदूषित कर रहा है। इस समस्या को लेकर भोपाल नगर निगम बनाम डा. सुभाष सी. पांडे मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित निगरानी समिति की अनुपालन रिपोर्ट में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, देशभर में 518 नदियों और उनसे जुड़ी जलधाराओं के किनारे कचरा फेंकने के 31,250 हाटस्पाट चिह्नित किए गए हैं। इस कचरे को नदियों और जल निकायों में पहुंचने से रोकने के लिए 4542 सिस्टम लगाए गए हैं। इसके बावजूद रिपोर्टिंग अवधि में 21,324.69 टन ठोस कचरा हटाया गया। दिल्ली में नालों से 1,95,571 टन सिल्ट निकाली गई।

अवैध रूप से कचरा डालने पर 856 नोटिस जारी हुए और 942 कार्रवाई दर्ज की गईं। हालांकि, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के आंकड़े अधूरे हैं।

उत्तर प्रदेश ने कोई आंकड़ा नहीं दिया। मध्य प्रदेश ने 26 नदियों का उल्लेख किया, लेकिन कचरा फेंकने के संवेदनशील स्थलों की संख्या नहीं बताई। दिल्ली ने भी नदियों, नालों और कचरा डंपिंग स्थलों का पूरा ब्योरा नहीं दिया।

राज्यों में नदियांऔर कचरे के हॉटस्पॉट

राज्य / केंद्र शासित प्रदेश नदियां / जलधाराएं कचरे के हॉटस्पॉट
तमिलनाडु सात (छह नदी, एक नहर) 30,345 (नगरीय निकायों में 30,238 व नदियों के किनारे 107)
जम्मू और कश्मीर 38 (16 नदी, 21 नाला और एक झील) 78
पंजाब 11 (पांच नदी, तीन नहर, तीन स्ट्रीम) 47
गुजरात छह नदियां 41
मेघालय नौ नदी 39
हिमाचल प्रदेश सात (पांच नदी, दो नाला) 37
उत्तराखंड तीन नदी 34
महाराष्ट्र 147 (133 नदी, 14 नाले) 29
दमन द्वीप / दादरा नगर हवेली एक नदी 25
पश्चिम बंगाल 106 नदी 22

इन राज्यों में कचरे के सबसे अधिक हॉटस्पॉट

सिक्किम और ओडिशा में कचरे का कोई हाटस्पाट नहीं: रिपोर्ट के अनुसार, सिक्किम की चार नदियों और ओडिशा की 25 नदियों व दो नालों में ठोस अपशिष्ट (एमएसडब्ल्यू) प्रदूषण का कोई संवेदनशील स्थल नहीं मिला।

मप्र में कचरा फेंकने के हाटस्पाट का ब्योरा नहीं: मध्य प्रदेश में नदियों और नालों में कचरा पहुंचने से रोकने के लिए कोई सिस्टम नहीं लगाया गया। अवैध कचरा डालने को लेकर सिर्फ एक नोटिस और एक कार्रवाई दर्ज है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।