पक्षियों के लिए बनेंगे घरौंदे, 52 फीट ऊंचाई पर होगा पक्षी तीर्थ का निर्माण
24 अक्टूबर को सुबह 9.30 बजे पंचकुइया स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में पक्षी तीर्थ बनाने के लिए भूमि पूजन किया जाएगा। इसकी ऊंचाई 52 फीट होगी सात मंजिला इस पक्षी तीर्थ में ढाई हजार पक्षी सुरक्षित और अनुकूल वातावरण में अपने प्राकृतिक स्वरूप में रह पाएंगे।
इंदौर, जेएनएन। पक्षियों को प्राकृतिक वातावरण देने के लिए पक्षी तीर्थ बनाया जाएगा इसके लिए 24 अक्टूबर को सुबह 9.30 बजे पंचकुइया स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में भूमि पूजन किया जाएगा। पक्षियों के लिए बनाये जा रहे इस घरौंदे का निर्माण श्रीराम कबूतर घर ट्रस्ट के 20 शिल्पकार मिलकर करेंगे जिसे बनाने में एक माह का समय लगेगा। इसकी ऊंचाई 52 फीट होगी और इसमें 12 फीट ऊंचा पेडस्टल भी बनाया जाएगा। पांच से सात मंजिला इस पक्षी तीर्थ में एक हजार पक्षी परिवार यानि ढाई हजार पक्षी सुरक्षित और अनुकूल वातावरण में अपने प्राकृतिक स्वरूप में रह पाएंगे। पक्षी तीर्थ एवं पर्यावरण प्रेमी संगठन के संयोजक किशोर गोयल एवं संजय बांकड़ा से मिली जानकारी के अनुसार पहले चरण में पंचकुइया राम मंदिर परिसर की तरह ही अन्य स्थानों पर इसी तरह के पांच घरौंदों का निर्माण किया जाएगा।
24 अक्टूबर को पक्षी तीर्थ के भूमि पूजन के खास अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से बुलाए गए पर्यावरण एवं पक्षी प्रेमियों के साथ संवाद भी किया जाएगा। इसी तरह गर्मियों के मौसम में पक्षियों को ठंडा व आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए छोटे घोंसले बनाने और नागरिकों में पक्षियों के प्रति सद्भावना जागृत करने के लिए घरौंदे वितरण करने की योजना पर भी विचार किया जाएगा। भूमिपूजन के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, समाजसेवी प्रेमचंद गोयल, टीकमचंद गर्ग, पवन सिंघानिया, उद्योगपति शिवकुमार चौधरी, विष्णु बिंदल एवं राजेश गर्ग अतिथि के तौर पर उपस्थित होंगे। इंदौर में पक्षियों के लिए घरौंदे बनाए जाने की इस योजना की चारों तरफ खूब सराहना हो रही है। पर्यावरण और पक्षी प्रेमी इस पहल से बेहद खुश नजर आ रहे हैं।