ग्वालियर-आगरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर काम शुरू, चंबल नदी पर बनेगा बिना पिलर वाला अनोखा हैंगिंग ब्रिज
ग्वालियर-आगरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का काम शुरू हो गया है, जिससे दोनों शहरों के बीच की दूरी 32 किलोमीटर कम होगी ...और पढ़ें

ग्वालियर-आगरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य शुरू। (फोटो- AI जेनरेटेड)
HighLights
ग्वालियर-आगरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य शुरू।
चंबल नदी पर अनोखा हैंगिंग पुल, जलीय जीवों की सुरक्षा।
दोनों शहरों के बीच यात्रा समय में महत्वपूर्ण कमी आएगी।
डिजिटल डेस्क, मुरैना। ग्वालियर-आगरा के बीच ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का काम शुरू हो गया है। 4612 करोड़ रुपये की लागत से 88.4 किलोमीटर लंबा छह लेन का एक्सप्रेस-वे बनाया जा रहा है। इससे दोनों शहरों के बीच की दूरी 32 किलोमीटर घटेगी। आगरा से मुरैना का सफर 35 से 40 मिनट और आगरा से ग्वालियर की यात्रा 60 से 65 मिनट में पूरी होगी।
परियोजना ढाई साल में पूरी होनी है। खास बात यह है कि चंबल नदी पर ऐसाह गांव के पास हैंगिंग पुल का निर्माण हो रहा है। इस पुल से गुजरने वाले वाहनों की आवाज से जलीय जीवों को कोई असुविधा नहीं होने पाएगी, क्योंकि पुल पर ध्वनि अवरोधक बनाए जा रहे हैं।
1600 मीटर लंबे इस पुल के लिए जमीन समतल करने और नदी किनारे पिलर बनाने का काम जारी है। पुल का 600 मीटर हिस्सा नदी के ऊपर तारों पर लटका होगा। नदी में पिलर नहीं बनाए जाएंगे, जिससे घड़ियाल, कछुए और डाल्फिन के रहवास प्रभावित नहीं होंगे।
पुल डेढ़ से दो साल में तैयार होने की उम्मीद है। एक्सप्रेस-वे निर्माण की समयसीमा मार्च 2029 है। एनएचएआइ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रशांत मीणा ने बताया कि ऐसाह घाट पर पुल का काम शुरू हो गया है।