पहले बाइक रोकी, फिर जंगल में घसीटकर ले गए; गुना में 6 दरिंदों ने दोस्त के साथ जा रही युवती से किया गैंगरेप
मध्य प्रदेश के गुना में दरिंदों ने दोस्त के साथ बाइक पर जा रही युवती को रोका, उसके बाद जंगल ...और पढ़ें

गुना में युवती से गैंगरेप (यह तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।)
डिजिटल डेस्क, गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में नेशनल हाईवे-46 पर हिलगना के समीप बोरखेड़ा के जंगल में बीती रात एक युवती से तीन बदमाशों ने गैंग रेप किया। इस दौरान उनके तीन अन्य साथी युवती के मित्र युवक को बंधक बनाए रहे। बचने के लिए युवती बदमाशों को नोंचती रही, काटती रही पर वे नहीं मानें।
बदमाशों ने शोर बंद करने गुप्तांग में लकड़ी तक घुसा दी, जिससे वह घायल हो गई। इसके बाद भी युवती संघर्ष करती रही। उसका शोरगुल सुनकर पास ही तैनात पुलिस मौके पर जा पहुंची, तो बदमाश जंगल के रास्ते भाग गए। खास बात यह कि पुलिस दुष्कर्म के प्रयास की बात कह रही है, जबकि एफआइआर में सामूहिक दुष्कर्म की बीएनएस की धारा 70(1) दर्ज है।
हनुमान टेकरी से दर्शन कर लौट रही थी युवती
मूल रूप से कोलकाता निवासी 26 वर्षीय युवती बीती शाम करीब 6.40 बजे अपने मित्र के साथ एनएफएल कैंपस से गुना हनुमान टेकरी दर्शन करने बाइक से आई थी। युवती का झारखंड निवासी साथी युवक एनएफएल विजयपुर में इंजीनियर है, युवती भी झारखंड में रहती है, जो इन दिनों अपने साथी युवक के पास एनएफएल आई है।
दोनों बीती शाम हनुमान टेकरी भगवान के दर्शन कर वापस एनएफएल लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे वे वारदात का शिकार हुए। बदमाश युवती के साथी युवक का पर्स और मोबाइल भी लूट ले गए।
बाल खींचकर जंगल में ले गए
पीड़िता ने बताया कि टेकरी दर्शन कर वह अपने साथी युवक के साथ बाइक से घर एनएफएल विजयपुर आ रही थी। इसी बीच रिलायंस पेट्रोल पंप ग्रीन माउंटेन के पहले एक बाइक पर तीन अज्ञात व्यक्ति पीछे से आए और हमसे बोले कि तुम्हारी बाइक का पहिया पंचर हो गया है।
जैसे ही मैं और मेरा साथी युवक बाइक रोककर पंचर देखने के लिए रुके, वैसे ही बदमाशों ने बाइक की चाबी निकाल ली और बलपूर्वक मेरे बाल खींचकर एबी रोड के दूसरी तरफ मुझे और मेरे साथी को जबरदस्ती घने अंधेरे जंगल में ले गए।
जंगल में ही फोन करके उन लोगों ने अपने अन्य तीन साथियों को भी बुला लिया। फिर सभी ने मुझे और मेरे साथी युवक को डंडों और थप्पड़ों से पीटा, फिर जान से मारने की धमकी देकर मेरा और मेरे साथी युवक का फोन तथा हमारी बाइक छीन ली। इसके बाद मेरे साथी युवक को जंगल में दूसरी तरफ ले गए।
बारी-बारी से दुष्कर्म करने की कोशिश
फिर तीन बदमाशों ने जबरदस्ती मेरे सारे कपड़े फाड़ दिए और मेरे साथ बारी-बारी से अपने कपड़े उतारकर जबरदस्ती दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगे तथा तीनों अपने प्राइवेट पार्ट को मेरे प्राइवेट पार्ट में जबरदस्ती डालने लगे, मेरे विरोध करने पर उन लोगों ने मुझे थप्पड़ों से पीटा मेरे ही कपड़ों से मेरे हाथ बांध दिए।
जब मैं चिल्लाई तो एक व्यक्ति ने मेरे प्राइवेट पार्ट में लकड़ी घुसाने की कोशिश की, जिससे मेरे गुप्तांग से खून निकलने लगा।
मैंने संघर्ष करके खुद को बचाया तथा इस दौरान जो लोग मुझसे जबरदस्ती कर रहे थे मैंने अपने बचाव में उन्हे नोंचा, काटा फिर भी वह नहीं माने। जंगल में कुछ ही दूरी पर मेरे साथी युवक के चिल्लाने की भी अवाज आ रही थी, फिर कुछ देर बाद पुलिस वहां आ गई, जिन्हें देखकर वह सभी लोग मुझे पूर्ण नग्न अवस्था में छोड़कर वहां से भाग गए।
आरोपितों की तलाश जारी
गुना एसपी हितिका वासल ने बताया कि बीती रात हाईवे पर एक युवक-युवती से बाइक रोककर लूट और युवती से दुष्कर्म का प्रयास किया गया। घटनास्थल पर पुलिस की डायल 100 टीम खड़ी थी, ऐसे में पुलिस को देखकर आरोपित भाग गए। एफआइआर दर्ज कर ली है, एसआईटी के साथ पुलिस की छह टीम आरोपितों की धरपकड़ में लगी हैं।
