चरित्र शंका में पति बना हैवान: सो रही पत्नी के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उतारा मौत के घाट; रातभर शव के पास बैठा रहा
गुना जिले के म्याना थाना क्षेत्र में एक पति ने चरित्र पर संदेह के चलते सो रही पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति रातभर शव के पास बैठा रहा और सुबह परिजनों की सूचना पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
पति ने चरित्र शंका में पत्नी के सिर पर कुल्हाड़ी मारी।
गुना के पिपरिया गांव में हुई खौफनाक वारदात।
आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में लिया, जांच जारी।
डिजिटल डेस्क, गुना। गुना जिले के म्याना थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पिपरिया गांव में चरित्र पर संदेह के चलते एक पति ने सो रही पत्नी के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पत्नी के शव के पास ही बैठा रहा। सुबह परिजनों ने महिला का खून से लथपथ शव देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई।
मृतका की पहचान नोरी बाई भिलाला के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात पति-पत्नी ने साथ बैठकर खाना खाया था। इसके बाद दोनों सोने चले गए। देर रात जब नोरी बाई खटिया पर गहरी नींद में थी, तभी पति ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह खटिया पर मिला रक्तरंजित शव
रात में हुई वारदात की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को सुबह जागने पर हुई। उन्होंने खटिया पर नोरी बाई का रक्तरंजित शव देखा। दृश्य देखकर परिजन स्तब्ध रह गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें- भोपाल में ड्रग तस्करी पर कार्रवाई, महिला इंजीनियर समेत तीन गिरफ्तार
सूचना मिलते ही म्याना थाना पुलिस गांव पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस वारदात के कारणों और घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
महिला की हत्या उसके पति द्वारा की गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या की मुख्य वजह पत्नी के चरित्र पर संदेह होना सामने आया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
- हेमंत पांडे, एसडीओपी गुना
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।