विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुना में आधी रात डकैतों का धावा, बच्ची के सिर पर तानी बंदूक; फायरिंग में 3 लोग घायल

Published: Wed, 21 Oct 2026 09:02 PM (IST)

गुना जिले के बेरखेड़ी गांव में आधी रात सशस्त्र बदमाशों ने एक घर में डकैती की। ग्रामीणों ने भाग रहे ...और पढ़ें

डकैतों की दबिश के बाद बिखरा अलमारी का सामान, ग्रामीणों ने छीनी बंदूक, घायल को अस्पताल में कराया भर्ती।

डकैतों की दबिश के बाद बिखरा अलमारी का सामान, ग्रामीणों ने छीनी बंदूक, घायल को अस्पताल में कराया भर्ती।

HighLights

  1. गुना में आधी रात सशस्त्र बदमाशों ने की डकैती।

  2. बच्ची को बंधक बनाकर लूटे 45 हजार रुपये नकद।

  3. भागते समय गोलीबारी में परिवार के तीन सदस्य घायल।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के गुना जिले में सशस्त्र बदमाशों ने आधी रात एक घर में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बेरखेड़ी गांव में बदमाशों ने परिवार की एक बच्ची को बंधक बनाकर उसके सिर पर बंदूक तान दी और अलमारी की चाबियां लेकर नकदी लूट ली। इस बीच परिवार ने फोन के जरिए ग्रामीणों को सूचना दे दी। लोगों के जुटने और घिरने का अंदेशा होने पर बदमाशों ने भागते समय गोलियां चला दीं। फायरिंग में परिवार के तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बच्ची को बंधक बनाकर मांगी अलमारी की चाबी

जानकारी के मुताबिक, झागर चौकी क्षेत्र के बेरखेड़ी गांव निवासी वीरेंद्र धाकड़ मंगलवार रात अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब दो बजे हथियारों से लैस बदमाश घर में घुस आए। आहट सुनकर परिवार की एक महिला जाग गई और उसने अन्य सदस्यों को भी जगा दिया।

परिवार के जागने पर बदमाशों ने एक बच्ची को पकड़ लिया और उसके सिर पर बंदूक तानकर धमकाया। उन्होंने रुपये और सामान सौंपने को कहा, वरना बच्ची को गोली मारने की चेतावनी दी। इसके बाद बदमाशों ने अलमारी की चाबियां लेकर नकदी निकाल ली।

ग्रामीणों के पहुंचते ही फायरिंग, तीन लोग घायल

परिवार के सदस्यों ने फोन पर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दे दी। ग्रामीणों का शोर सुनकर बदमाश घबरा गए और भागने लगे। इसी दौरान उन्होंने गोलीबारी की, जिसमें रंजीत धाकड़, वीरेंद्र धाकड़ और मोहन मोंगिया घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से एक की स्थिति गंभीर बताई गई है।

ग्रामीणों ने भाग रहे बदमाशों की दो बंदूकें छीन लीं, लेकिन आरोपित करीब 45 हजार रुपये नकद लेकर फरार होने में सफल रहे।

यह भी पढ़ें- भोपाल के RKMP स्टेशन पर वेंडर्स की गुंडागर्दी, दुरंतो एक्सप्रेस के कोच से नीचे खींचकर यात्री को पीटा; VIDEO वायरल

आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस

पीड़ित परिवार ने बदमाशों की बोली के आधार पर उनके पारदी समुदाय से जुड़े होने की आशंका जताई है। हालांकि, आरोपितों की पहचान और उनकी संलिप्तता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। झागर चौकी प्रभारी अनिल कदम के मुताबिक, मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।