भोपाल के RKMP स्टेशन पर वेंडर्स की गुंडागर्दी, दुरंतो एक्सप्रेस के कोच से नीचे खींचकर यात्री को पीटा; VIDEO वायरल
भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन पर दुरंतो एक्सप्रेस में खानपान कर्मचारियों ने एक यात्री अरमान खान को कोच से खींचकर ...और पढ़ें
HighLights
रानी कमलापति स्टेशन पर दुरंतो यात्री से मारपीट।
खानपान वेंडर्स ने यात्री अरमान खान को पीटा।
घटना का वीडियो वायरल, तीन संदिग्ध हिरासत में।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एसी दुरंतो एक्सप्रेस में खानपान कर्मचारियों और एक यात्री के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि पैंट्री वेंडर्स ने 22 वर्षीय यात्री अरमान खान को एसी कोच से नीचे खींचकर पीटा। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामले में जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
रास्ता बंद होने पर जताई आपत्ति, फिर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12214 एसी दुरंतो एक्सप्रेस मंगलवार शाम रानी कमलापति स्टेशन पर खड़ी थी। यह ट्रेन दिल्ली सराय रोहिल्ला से यशवंतपुर जा रही थी। इसी दौरान बेंगलुरु निवासी अरमान खान दूध खरीदने के लिए अपने एसी कोच से बाहर निकलने लगा।
आरोप है कि पैंट्री कार के कर्मचारी ट्रेन में खानपान की सामग्री चढ़ा रहे थे, जिससे कोच से बाहर निकलने का रास्ता बाधित हो गया था। अरमान ने रास्ता बंद होने पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर उसकी वेंडर्स से कहासुनी हो गई।
आधा दर्जन वेंडर्स पर मारपीट का आरोप
विवाद बढ़ने पर करीब आधा दर्जन वेंडर्स ने अरमान को एसी कोच से नीचे खींच लिया और उसके साथ मारपीट की। मौके पर मौजूद यात्रियों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
आमला से रानी कमलापति जीआरपी पहुंचा मामला
घटना के बाद अरमान ने आमला जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद प्रकरण की केस डायरी रानी कमलापति जीआरपी थाने भेजी गई, जहां अज्ञात वेंडर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें- MP में खाद लेने के नियम बदले: Farmer ID नहीं तो टोकन नहीं, जानिए क्या करें किसान
रानी कमलापति जीआरपी थाना प्रभारी अमित शर्मा के मुताबिक, मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपितों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास कर रही है।
वीआईपी ट्रेन में यात्री की सुरक्षा पर सवाल
एसी दुरंतो एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेन में यात्री के साथ मारपीट की घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में एक महिला पुलिसकर्मी के दिखाई देने की बात भी सामने आई है, लेकिन घटना के समय आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारियों की मौजूदगी तथा उनकी भूमिका को लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है।
