विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डाक विभाग की भर्ती में 100% नंबरों का खेल! MP में 1,450 चयनितों में से 1,155 के 10वीं में पूरे अंक, फर्जीवाड़े की आशंका

Published: Thu, 22 Oct 2026 07:46 PM (IST)

डाक विभाग की ग्रामीण डाक सेवक भर्ती में 100% अंकों का बड़ा घोटाला सामने आया है, जिसमें मध्य प्रदेश सहित ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. डाक सेवक भर्ती में 100% अंकों का बड़ा घोटाला सामने आया।

  2. मध्य प्रदेश में फर्जीवाड़े से नौकरी पाने वालो आठ को बर्खास्त किया।

  3. शिक्षा बोर्ड, दलालों और अधिकारियों की मिलीभगत का गहरा संदेह।

नमन मिश्रा, भोपाल। डाक विभाग में ग्रामीण डाक सेवक के अंशकालिक पदों की भर्ती में 100 प्रतिशत अंकों का बड़ा घोटाला सामने आया है। इस पद पर हर साल देश भर में हो रही 20-22 हजार लोगों की भर्तियों की न्यूनतम योग्यता 10वीं पास है। इसके चयन का आधार 10वीं के अंक होते हैं।

चार राज्यों में सभी चयनितों के 100 प्रतिशत अंक?

सूत्रों के अनुसार इस वर्ष कुल चयनित लोगों में से 8,264 यानी 36 प्रतिशत से अधिक लोग 100 प्रतिशत अंक पाकर 10वीं पास हुए हैं। इनमें दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू कश्मीर में चयनित सभी के अंक 100 प्रतिशत आए हैं। मध्य प्रदेश में कुल चयनित 1,450 लोगों में 1,155 को 10वीं परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक मिले हैं।

यह तब है, जब यहां पिछले सात सालों में केवल 16 लोग 10वीं बोर्ड की परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक हासिल कर पाए। उत्तर प्रदेश में चयनित कुल 1,687 लोगों में से 1,616 पूर्णांक पाने वाले हैं।

शिक्षा बोर्ड, दलालों और अधिकारियों की मिलीभगत का संदेह

विभागीय सूत्रों के अनुसार, कुछ वर्षों से संबंधित शिक्षा बोर्ड कर्मचारियों, दलालों और डाक विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से ऐसी अंकसूचियों का दखल बढ़ा है। इसी वजह से फर्जीवाड़ा खुल रहा है, लेकिन विभागीय अधिकारी चुपचाप ऐसे लोगों को सेवा से अलग कर दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें- ट्रेन के बाद अब बसों से ड्रग तस्करी! भोपाल ISBT पर अक्टूबर में दो बार पकड़ी गई नशीले पदार्थों की खेप

बिहार बोर्ड की अंकसूचियों पर कार्रवाई, आठ कर्मचारी बर्खास्त

पिछले महीने जबलपुर डाक सर्किल ने बिहार बोर्ड से जारी 100 प्रतिशत अंक वाले आठ लोगों को बर्खास्त किया। इनके विरुद्ध सीबीआई ने मामला दर्ज किया। एजेंसी ने 30 सितंबर को मुरैना से मानवेंद्र सिंह सिकरवार, रमाकांत शर्मा, सौरभ शर्मा और प्रदीप खरे नाम के आरोपितों को गिरफ्तार किया। चार और लोग सागर, देवास और टीकमगढ़ के हैं, जो अभी फरार हैं।

ग्रामीण डाक सेवक (जीडीएस) भर्ती प्रक्रिया ऑनलाइन से होती है। इसमें किसी भी राज्य का व्यक्ति आवेदन कर सकता है। नियुक्ति के दौरान दस्तावेजों का सत्यापन होता है। गड़बड़ी मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
- आरएस रघुवंशी, डायरेक्टर आफ पोस्टल सर्विस, मध्य प्रदेश