Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    MP News: राहुल की तुलना श्रीराम से करने वाले पटोले को दिग्विजय के छोटे भाई लक्ष्मण ने बताया चमचा

    By Jagran NewsEdited By: Sachin Kumar Mishra
    Updated: Wed, 19 Oct 2022 04:50 PM (IST)

    MP News दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह ने ट्वीट कर कहा कि पार्टी के कुछ लोगों ने श्रीराम से राहुल गांधी की तुलना कर चमचागिरी के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। इस तरह के लोगों से पार्टी उपहास का केंद्र बिंदु बन जाती है।

    Hero Image
    राहुल की तुलना श्रीराम से करने वाले पटोले को दिग्विजय के छोटे भाई लक्ष्मण ने बताया चमचा। फाइल फोटो

    भोपाल, जेएनएन। MP News: भगवान श्रीराम से राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की तुलना करने वाले महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले (Nana Patole) को कांग्रेस विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह ने राहुल का 'चमचा' बताया है। भाजपा ने इसे चापलूसी की पराकाष्ठा कहा है। वहीं, कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लक्ष्मण सिंह का ट्ववीट

    लक्ष्मण सिंह ने ट्वीट कर कहा कि पार्टी के कुछ लोगों ने श्रीराम से राहुल गांधी की तुलना कर चमचागिरी के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। इस तरह के लोगों से पार्टी उपहास का केंद्र बिंदु बन जाती है। नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष (मल्लिकार्जुन खड़गे) से अपेक्षा है, वे ऐसे नेताओं के विरुद्ध कार्रवाई करेंगे। लक्ष्मण सिंह गुना जिले के चाचौड़ा से विधायक हैं। राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' इन दिनों कर्नाटक में है।

    जानें, नाना पटोले ने क्या कहा था

    इस बीच, नाना पटोले ने मीडिया में बयान दिया कि जिस प्रकार श्रीराम ने श्रीलंका तक की यात्रा नंगे पैर पूरी की थी, उसी प्रकार कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी पैदल यात्रा पर निकले हैं। जिस प्रकार श्रीराम का वनवास था, उसी प्रकार यह भी राहुल गांधी का वनवास काल ही तो है। हालांकि बाद में नाना पटोले ने सफाई दी कि श्रीराम और राहुल गांधी के नाम में 'आर' अक्षर जुड़ा है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि हम भगवान श्रीराम से राहुल गांधी की तुलना कर रहे हैं।

    परसादी लाल मीणा भी कर चुके हैं राम से राहुल की तुलना

    इससे पहले राजस्थान के मंत्री परसादी लाल मीणा भी श्रीराम से राहुल गांधी की तुलना कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि राहुल, श्रीराम से ज्यादा पैदल चल रहे हैं। जितना श्रीराम अयोध्या से श्रीलंका तक चले थे। उससे अधिक लंबी यात्रा राहुल गांधी करेंगे। कांग्रेस नेताओं द्वारा भगवान श्रीराम से राहुल गांधी की तुलना पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति की है।

    भाजपा ने कहा, यह चापलूसी की पराकाष्ठा

    मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल का कहना है कि यह चापलूसी की पराकाष्ठा है। इससे केवल एक राजनीतिक दल ही नहीं लोकतंत्र की भी हानि होती है। ईश्वर पर आस्था रखने वाले भक्तों का भी यह अपमान है।

    कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

    वहीं, प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के बयान पर जो भाजपा आनंद का अतिरेक कर रही है, उसे दिल्ली के इमाम की उस टिप्पणी पर भी जवाब देना चाहिए जिसने संघ प्रमुख को राष्ट्रपति और राष्ट्रसंत कहा है।

    यह भी पढ़ेंः राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से मप्र में कांग्रेस करेगी चुनाव अभियान की शुरुआत

    यह भी पढ़ेंः सीटों के बंटवारे पर जयस कर रहा कांग्रेस के साथ मोलभाव